बांग्लादेश में हुए आम चुनाव के दौरान बांग्लादेश बैंक की तरफ से मोबाइल फाइनेंशियल सर्विसेज और इंटरनेट बैंकिंग पर रोक लगा दिया गया था। शुक्रवार को चार दिनों बाद इन सेवाओं पर से प्रतिबंध हटा लिया गया है। अब bKash, Nagad और Rocket जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म्स के ग्राहक फिर से सामान्य नियमों के तहत लेनदेन कर सकेंगे। dhakatribune की खबर के मुताबिक, बांग्लादेश बैंक के फैसले के अनुसार, शुक्रवार (13 फरवरी 2026) की आधी रात (12 बजे) के बाद से ये चार दिनों के लिए लागू की गई विशेष पाबंदियां पूरी तरह खत्म कर दी गई हैं। 13 फरवरी से बांग्लादेश बैंक ने अब पर्सन-टू-पर्सन ट्रांजेक्शन पर पहले लगाई गई सभी सीमाएं भी हटा ली हैं। आज के बाद आम लोग सामान्य दिनों की तरह फाइनेंशियल सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
क्यों लगाए गए थे प्रतिबंध?
बांग्लादेश बैंक (बांग्लादेश के केंद्रीय बैंक) ने 8 फरवरी की रात से ये सख्त निर्देश लागू किए थे, ताकि 12 फरवरी को हुए राष्ट्रीय चुनाव के दौरान धन के दुरुपयोग, काले धन के प्रवाह या अवैध फंड ट्रांसफर को रोका जा सके। प्रतिबंध 96 घंटे (9 फरवरी की आधी रात से 12 फरवरी की आधी रात तक) प्रभावी रहे।
प्रतिबंधों के दौरान क्या था नियम?
मोबाइल फाइनेंशियल सर्विसेज प्लेटफॉर्म्स (bKash, Nagad, Rocket आदि) के जरिए एक ट्रांजेक्शन में अधिकतम 1,000 टका ही भेजा जा सकता था।
एक दिन में अधिकतम 10 पर्सन-टू-पर्सन ट्रांजेक्शन की ही अनुमति थी (कुल दैनिक सीमा लगभग 10,000 टका)।
इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से पर्सन-टू-पर्सन ट्रांसफर (IBFT - Internet Banking Fund Transfer) पूरी तरह निलंबित कर दिया गया था।
हालांकि, मर्चेंट पेमेंट, यूटिलिटी बिल भुगतान (बिजली, पानी, गैस आदि), सरकारी शुल्क और अन्य सेवा भुगतान इन प्रतिबंधों से मुक्त रहे और सामान्य रूप से जारी रहे।
ग्राहकों पर क्या असर पड़ा?
इस दौरान कई ग्राहकों को परेशानी हुई, खासकर परिवारजनों को पैसा भेजने, जरूरी खर्चों के लिए फंड ट्रांसफर करने या छोटे-मोटे लेनदेन में। कई लोगों ने सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर अपनी असुविधा जताई थी। बांग्लादेश बैंक के एक अधिकारी ने कहा कि ये कदम चुनाव के दौरान वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए अस्थायी और सतर्कतापूर्ण थे। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं। अब bKash, Nagad और Rocket यूजर्स को सामान्य ट्रांजेक्शन में कोई रुकावट नहीं आएगी।
पूर्ण सुविधा का लाभ आज से उठा सकते हैं ग्राहक
बांग्लादेश बैंक ने 96 घंटे की अवधि पूरी होने के बाद स्थिति की समीक्षा की और प्रतिबंध हटाने का फैसला लिया। अब पर्सन-टू-पर्सन ट्रांजेक्शन पहले की तरह सामान्य दैनिक/प्रति ट्रांजेक्शन लिमिट के तहत होंगे। ग्राहक अब बिना किसी विशेष प्रतिबंध के पूर्ण सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।






































