1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. स्कूल में मेहंदी पर विवाद, छात्राओं को नहीं दी गई कक्षा में बैठने की अनुमति, जानें पूरा मामला

स्कूल में मेहंदी पर विवाद, छात्राओं को नहीं दी गई कक्षा में बैठने की अनुमति, जानें पूरा मामला

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Subhash Kumar
 Published : Nov 04, 2025 11:51 am IST,  Updated : Nov 04, 2025 12:21 pm IST

मुंबई के चेंबूर में एक स्कूल में मेहंदी विवाद सामने आया है। हाथों पर मेहंदी लगाने पर छात्राओं को कक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई जिसके बाद अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से मामले की शिकायत की है।

Mehndi controversy in Chembur school- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXESLS

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चेंबूर इलाके में स्थित एक स्कूल में मेहंदी लगाने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल की ओर से हाथों पर मेहंदी लगाने पर छात्राओं को कक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। घटना से नाराज अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से इस बारे में शिकायत की है। इसके बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल से इस बारे में जवाब देने को कहा है। आइए जानते हैं इस पूरे विवाद के बारे में विस्तार से।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मुंबई के चेंबूर इलाके में स्थित सेंट एंथनी गर्ल्स हाई स्कूल में एक विवाद सामने आया है। अभिभावकों का आरोप है कि पिछले सप्ताह 10 से 15 छात्राओं को सिर्फ इसलिए कक्षा में बैठने नहीं दिया गया क्योंकि उन्होंने अपने हाथों पर मेहंदी लगाई थी। अभिभावकों ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत शिक्षा विभाग में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने स्कूल प्रशासन को नोटिस जारी कर 4 तारीख तक जवाब देने के निर्देश दिए हैं।

स्कूल ने क्या सफाई दी?

वहीं, स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों के आरोपों को खारिज करते हुए सफाई दी है कि छात्राओं को केवल शिस्त (अनुशासन) का पालन करने के लिए कहा गया था, किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। फिलहाल, शिक्षा विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कूल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

शिक्षा विभाग ने जारी किया नोटिस

शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए नोटिस में कहा गया है- "इस कार्यालय को शिकायत प्राप्त हुई है कि हमने अपने विद्यालय के कुछ विद्यार्थियों को इसलिए विद्यालय में नहीं बैठने दिया क्योंकि हमारे विद्यालय के कुछ विद्यार्थियों ने अपने हाथों में मेंहदी लगा ली थी। चूंकि उक्त मामला अवैध है, इसलिए हमें उक्त शिकायत के अनुसार 04/11/2025 को एक लिखित खुलासा प्रस्तुत करना चाहिए। इस बात का ध्यान रखा जाए कि ऐसी कोई शिकायत इस कार्यालय को प्राप्त न हो।"

ये भी पढ़ें- राज ठाकरे की मनसे ने नवी मुंबई इंटरनेशल एयरपोर्ट का रनवे तोड़ने की धमकी क्यों दी? सामने आई ये वजह

जब चलती कार बन गई आग का गोला! भयानक Video आया सामने, आप भी देखें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।