महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में साइबर ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 81 साल की महिला से डिजिटल अरेस्ट करने के नाम पर ठगों ने 7.8 करोड़ रुपए गबन किए हैं। इस मामले में मुंबई साइबर पुलिस ने बिना शिकायत कार्रवाई कर दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में विस्तार से।
पुलिस ने क्या बताया?
इंडिया टीवी से बात करते हुए मुंबई साइबर पुलिस के डीसीपी पुरुषोत्तम कराड ने बताया कि इस मामले में पुलिस को एक टिप के आधार जानकारी मिली। इसी आधार पर पहले ही कार्रवाई करते हुए एक आरोपी कार्तिक चौधरी (20 वर्ष) को जो कि मुंबई के मालवणी इलाके में रहता है उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने इस मामले में पैसे हैंडओवर करने के लिए अपने अकाउंट का इस्तेमाल करने दिया। पुलिस ने महिला के अकाउंट से ट्रांसफर हुए पैसों को ट्रेस करते हुए आरोपी का पता लगाया।
बिना किसी के शिकायत के कार्रवाई
यह पहला ऐसा मामला है, जहां पर मुंबई पुलिस ने बिना किसी के शिकायत दर्ज कराए केवल टिप के आधार पर आरोपी को आईडेंटिफाई किया और मामले में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने समय रहते पीड़ित के अकाउंट को भी फ्रिज कराया ताकि साइबर ठग और पैसे अपने अकाउंट में ट्रांसफर ना कर पाए। डीसीपी कराड ने बताया कि पुलिस की टीम जब पीड़ित महिला से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी उस दौरान वह काफी डरी हुई थी। इसकी वजह से शुरुआत में उसने पुलिस पर भरोसा नहीं किया और पुलिस की तरफ से पूरा एक्शन लिया गया और बैंक से बात करते हुए 40 लाख रुपए भी फ्रिज किए।
पुलिस ने लोगों से की ये अपील
पुलिस को इस मामले में मनी ट्रांजैक्शन और टेलीग्राम एप्लीकेशन के भी कुछ लिंक मिले हैं जिस पर आगे जांच की जा रही है। डीसीपी पुरुषोत्तम कराड ने लोगों से यह अपील की है, कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई भी बात पुलिस कभी भी किसी से नहीं करती। इसलिए अगर इस तरह का कोई भी फोन उन्हें आता है, तो वह सीधा पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उनके साथ फाइनेंशियल फ्रॉड होने से बच जाए।
ये भी पढ़ें- मुंबई: भारी बारिश के बीच लोगों की मजबूरी का फायदा उठाने वाले कैब्स पर कार्रवाई, 147 एग्रीगेटर के खिलाफ मामला दर्ज
चाय की टपरी पर पहचान, फिर काला जादू, महिलाओं के साथ अश्लील कृत्य करने वाला भोंदू बाबा गिरफ्तार