मुंबई: महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग मंगलवार को शाम 4 बजे मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके BMC और अन्य स्थानीय निकाय चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है। राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे प्रेस कॉन्फ्रेंस में निकाय चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकते हैं। बता दें कि चुनाव आयोग की यह प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय में होने जा रही है जब विपक्ष ने एक जुलाई की वोटर लिस्ट में गड़बड़ियां बताते हुए चुनाव टालने की मांग की है। विपक्ष का कहना है कि लिस्ट में दोहरे और फर्जी नाम भरे हुए हैं।
Related Stories
दिलीप वल्से पाटिल के बयान ने मचाई हलचल
वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों के मुद्दे पर शिवसेना (UBT) ने सबूतों के साथ कोर्ट जाने का ऐलान किया है, लेकिन चुनाव अधिकारियों का कहना है कि एक बार चुनाव की घोषणा हो गई तो कोर्ट का दखल मुश्किल हो जाता है। बता दें कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप वल्से पाटिल ने 3 नवंबर को ही स्थानीय निकाय और नगर निगम चुनावों की तारीखों की भविष्यवाणी करके हलचल मचा दी थी, जबकि चुनाव आयोग ने अभी तक कोई आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया है।
'पूरी प्रक्रिया 31 जनवरी से पहले पूरी हो जाएगी'
बीजेपी की अगुवाई वाली महायुति सरकार में शामिल अजित पवार की NCP के नेता वल्से पाटिल ने कहा कि जिला परिषदों के चुनाव 15 दिसंबर को हो सकते हैं, जबकि नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को। उन्होंने एक वायरल वीडियो में कहा, 'सुप्रीम कोर्ट ने लंबित स्थानीय निकाय चुनावों के लिए 31 जनवरी 2026 की आखिरी तारीख तय की है। मेरी जानकारी के मुताबिक, जिला परिषद चुनाव 15 दिसंबर को और नगर निकाय चुनाव 15 जनवरी को हो सकते हैं। पूरी प्रक्रिया 31 जनवरी से पहले पूरी हो जाएगी।' बता दें कि पूरे देश की निगाहें इस समय BMC चुनावों की तरफ हैं, क्योंकि ये काफी लंबे समय से लटके हुए हैं।