1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'धोखाधड़ी के 2 साल, राज्य को बनाया कर्ज का बाजार...', शिंदे-फडणवीस पर क्यों भड़के संजय राउत?

'धोखाधड़ी के 2 साल, राज्य को बनाया कर्ज का बाजार...', शिंदे-फडणवीस पर क्यों भड़के संजय राउत?

 Published : Jun 30, 2024 01:00 pm IST,  Updated : Jun 30, 2024 01:05 pm IST

महाराष्ट्र में इसी साल के अंत में विधानसभा के चुनाव हैं। ऐसे में सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की सरकार के 2 साल पूरे हो गए हैं। शिवसेना (UBT) नेता ने शिंदे और फडणवीस सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत- India TV Hindi
शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत Image Source : FILE PHOTO-PTI

महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे और फडणवीस सरकार के दो साल पूरे हो गए। इस पर शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। संजय राउत ने कहा, 'मैंने आज अखबारों में विज्ञापन देखा। विज्ञापन से मुझे पता चला कि चोरों और बदमाशों की सरकार ने महाराष्ट्र में दो साल पूरे कर लिए हैं। ये दो साल धोखाधड़ी के दो साल हैं।' 

दो साल से सिर्फ ढोल पीट रहे 

राउत ने कहा कि ये सरकार धोखे से आई है। इन्होंने इस राज्य को कर्ज का बाजार बना दिया है। सरकार के लोगों ने महाराष्ट्र के उद्योग को गुजरात में जाने दिया है। ये राज्य का दुर्भाग्य है कि आज दो साल से सिर्फ ढोल पीट रहे हैं।

पक्षपातपूर्ण निर्णय देकर इस सरकार को बचाया गया

इसके साथ ही संजय राउत ने कहा, 'विधानसभा अध्यक्ष ने पक्षपातपूर्ण निर्णय देकर इस सरकार को बचाया है। राज्यपाल ने असंवैधानिक बहुमत परीक्षण का आदेश दिया है। इन सभी ने इस सरकार को बनाने में अवैध और असंवैधानिक कार्य किया है।' 

विधानसभा चुनाव में हारेगी ये सरकार

उद्धव गुट के शिवसेना नेता संजय राउत यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र राज्य की छत्रछाया में बैठी धोखेबाज सरकार के पास जीने के लिए दो या तीन महीने हैं। लोकसभा चुनाव में जनता ने इस सरकार को नकार दिया है। विधानसभा चुनाव में भी यह सरकार हारेगी। 

लोगों को धोखा देने वाला है ये बजट

संजय राउत ने कहा ,अगर हिम्मत है तो आपको अपनी पार्टी बनानी चाहिए थी। अपने सिंबल पर चुनाव लड़ना चाहिए था।' बजट के मुद्दे पर राउत ने कहा कि यह लोगों को धोखा देने और उनके पैसे से वोट खरीदने का प्रयास है। इस विधानसभा चुनाव से पहले लोगों के पैसे से वोट खरीदने का सीधा प्रयास रिश्वतखोरी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।