Maharashtra Municipal Corporation Election | महाराष्ट्र में आज मुंबई महानगर पालिका (BMC) समेत 29 नगर निकायों के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। इस बार के चुनाव में सबकी निगाहें देश के सबसे बड़े और समृद्ध नगर निकाय BMC के रिजल्ट पर टिकी हैं। BMC में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन और ठाकरे बंधुओं के मोर्चे के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है। 227 वार्डों वाली BMC पर बीते 25 सालों से शिवसेना का कब्जा है। 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहली बार हो रहे BMC चुनाव मुंबई में ठाकरे परिवार के दबदबे की भी परीक्षा लेंगे।
- Hindi News
- महाराष्ट्र
- BMC समेत 29 महानगर पालिकाओं में वोटिंग खत्म, 2800 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद
BMC समेत 29 महानगर पालिकाओं में वोटिंग खत्म, 2800 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद
Maharashtra Municipal Corporation Election | महाराष्ट्र में आज BMC सहित 29 नगर निकायों के लिए मतदान खत्म हो गया है। शिवसेना के विभाजन के बाद पहली बार हुआ यह चुनाव ठाकरे परिवार की राजनीतिक ताकत की परीक्षा माना जा रहा है।
Live updates :Maharashtra Municipal Corporation Voting LIVE
-
7:47 PM (IST) Jan 15, 2026
BMC चुनाव के अंतिम आंकड़े आज नहीं होंगे जारी
महाराष्ट्र चुनाव आयुक्त ने बताया कि BMC चुनाव के अंतिम आंकड़े आज जारी नहीं किए जाएंगे।
-
6:22 PM (IST) Jan 15, 2026
2800 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद
बीएमसी समेत सभी 29 महानगर पालिकाओं में मतदान 5.30 बजे खत्म हो गया है। अब वही लोग वोटिंग कर पा रहे हैं, जो लोग पहले से लाइन में लगे थे। मतदान समाप्ति के साथ ही 2800 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई हैं।
-
4:37 PM (IST) Jan 15, 2026
दोपहर 3:30 बजे तक 41.08% मतदान
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में BMC चुनावों में दोपहर 3:30 बजे तक 41.08 फीसदी वोटिंग ही हुई है। BMC चुनावों में वोटिंग की रफ्तार काफी धीमी नजर आ रही है।
-
3:19 PM (IST) Jan 15, 2026
चंद्रपुर में वोटिंग बूथ के बाहर हंगामा
चंद्रपुर में आज महानगर पालिका चुनाव के लिए मतदान हो रहा है इस बीच प्रभाग क्रमांक 10 के नेहरू स्कूल के मतदान केंद्र पर दो उम्मीदवारों के बीच जोरदार हंगामा हो गया। शिवसेना शिंदे गुट के महिला उम्मीदवार के पति राशीद हुसैन ने निर्दलीय महिला उम्मीदवार दीपा कासट के पति ललित कासट को थप्पड़ जड़ दिए। आरोप था कि ललित कासट मतदाताओं को पैसे बांट रहे हैं। वहीं, ललित कासट का कहना है कि शिवसेना के उम्मीदवार गुंडागर्दी कर मारपीट कर रहे हैं। इसी के विरोध में ललित कासट वोटिंग बूथ के गेट पर लेट कर विरोध प्रदर्शन करने लगे, इसके बाद बूथ के बाहर जमकर हंगामा शुरू हो गया। हंगामे को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने ललित को हिरासत में लिया। निर्दलीय उम्मीदवार का आरोप है कि पुलिस भी शिवसेना के उम्मीदवार का ही सपोर्ट कर रही है।
-
3:18 PM (IST) Jan 15, 2026
विपक्ष को आशंका- उंगली पर लगी स्याही मिटाई जा रही
मुंबई BMC समेत महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिका में जो चुनाव हो रहे उसमें चुनावी गड़बड़ी खास तौर पर उंगली पर लगाई जा रही स्याही मिटाने और फर्जी वोट होने की आशंका विपक्ष उठा रहा है। उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे और कांग्रेस भी यही आरोप लगा रही है।
विपक्ष के आरोप को लेकर जब इंडिया टीवी की टीम ने नेलपॉलिश रिमूवर एसेटोंन लिक्विड और कॉटन बड लेकर चेक किया कि ये स्याही मिटती है कि नहीं। कई ऐसे लोगों ने जो वोट कर आए हैं, उन्होंने अपनी उंगली दिखाते हुए उसकी स्याही दिखाई और नेल पेंट रिमूवर से उसे मिटाने की कोशिश की। कई बार घिसा लेकिन स्याही पूरी तरह से निकल नहीं पाई। -
2:38 PM (IST) Jan 15, 2026
दोपहर 1:30 बजे तक मुंबई में 29.96 फीसदी वोटिंग
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में BMC चुनावों में वोटिंग की रफ्तार धीमी नजर आ रही है। आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 1:30 बजे तक 29.96 फीसदी वोटिंग ही हुई थी। (रिपोर्ट: समीर भिसे)
-
2:29 PM (IST) Jan 15, 2026
महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में वोटिंग की रफ्तार धीमी
महाराष्ट्र की 29 नगर पालिकाओं में गुरुवार को शुरू हुए नगर निकाय चुनावों में वोटिंग की धीमी रफ्तार जारी रही। स्टेट इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, सुबह 11:30 बजे तक सिर्फ 17.41% वोटिंग हुई।
-
2:20 PM (IST) Jan 15, 2026
काफी लोग मतदान करने आए हैं: शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में कहा, 'लोगों में काफी उत्साह है। काफी लोग मतदान करने आए हैं। सभी को अपने शहर के विकास के लिए मतदान करना चाहिए। मुंबई में भी लोग बदलाव चाहते हैं, विकास चाहते हैं। हम विकास के एजेंडे पर ही चुनाव लड़ रहे हैं।'
-
2:02 PM (IST) Jan 15, 2026
स्याही पोंछने की शिकायतें आ रही हैं: उद्धव ठाकरे
शिवसेना UBT चीफ उद्धव ठाकरे ने कहा, 'बीजेपी चुनाव जीतने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। स्याही पोंछने की शिकायतें आ रही हैं। ऐसा इसके पहले कभी नहीं हुआ। चुनाव प्रक्रिया में कोई सुधार नहीं हुआ है। डराया धमकाया, पैसा बांटा, हमारे उम्मीदवारों को भी करोड़ों का ऑफर दिया गया। साम दाम दंड भेद का इस्तेमाल किया गया। चुनाव आयुक्त को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए।' (रिपोर्ट: सचिन चौधरी)
-
1:49 PM (IST) Jan 15, 2026
अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने BMC चुनाव के लिए मतदान किया
बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने BMC चुनाव 2026 के लिए मतदान किया है। बता दें कि BMC चुनावों में फिल्मी हस्तियों ने बड़ी संख्या में वोट डाले हैं। सुबह से लेकर अब तक अक्षय कुमार से लेकर सुनील शेट्टी तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
-
1:47 PM (IST) Jan 15, 2026
नवनीत राणा ने BMC चुनाव 2026 के लिए किया मतदान
भाजपा नेता नवनीत राणा ने BMC चुनाव 2026 के लिए मुंबई में मतदान किया।
-
1:46 PM (IST) Jan 15, 2026
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डाला वोट
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में एक मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला।
-
1:23 PM (IST) Jan 15, 2026
BMC चुनाव में आमिर खान ने डाला वोट
अभिनेता आमिर खान ने BMC चुनाव में एक मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला।
-
1:07 PM (IST) Jan 15, 2026
अभिनेता परेश रावल ने मुंबई में किया मतदान
मुंबई के BMC चुनाव के लिए अभिनेता परेश रावल ने जुहू के नरसी मोंजी स्कूल में मतदान किया। उन्होंने कहा, 'सभी को मतदान करना चाहिए। वोट नहीं डालेंगे और फिर शिकायत करेंगे तो उसका क्या मतलब है।'
-
12:05 PM (IST) Jan 15, 2026
मेरी सभी से प्रार्थना है कि मतदान करें: फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नगर निगम चुनाव में मतदान करने के बाद कहा, 'नगर निगम का चुनाव हो रहा है। यह हमारे लोकतंत्र की एक ऐसी इकाई है, जिसे हम लोकतंत्र की मूलगामी आधारशीला कह सकते हैं इसलिए इसमें मतदान करना महत्वपूर्ण है। मेरी सभी से प्रार्थना है कि मतदान करें। मतदान करना सबका कर्तव्य है। मैंने भी मतदान किया है।' नागपुर में भाजपा उम्मीदवार भूषण शिंगणे पर हुए हमले पर उन्होंने कहा, 'इनपर कांग्रेस के लोगों ने जानलेवा हमला किया, उनका हाथ टूटा, पैर पर, सिर पर चोट आई है। जब चुनाव जीत नहीं सकते तो इस प्रकार से हमला करना, यह लोकतंत्र पर कालिख पोतने जैसा है, इसका जवाब जनता देगी।'
-
12:03 PM (IST) Jan 15, 2026
'हर व्यक्ति घर से निकले और वोट करे'
गायक कैलाश खेर ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में मतदान करने के बाद कहा, 'मुंबई के लोग बहुत जिम्मेदार होते हैं, अपना कर्तव्य निभाते हैं, बस इसी परंपरा का निर्वहन करना है। हर व्यक्ति घर से निकले और वोट करे।'
-
12:01 PM (IST) Jan 15, 2026
शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे ने किया मतदान
शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे और नेता आदित्य ठाकरे BMC चुनावों के लिए वोट डालने मुंबई के एक पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे।
-
12:00 PM (IST) Jan 15, 2026
देवेंद्र फडणवीस ने अपने परिवार संग डाला वोट
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए वोट डालने पहुंचे।
-
11:35 AM (IST) Jan 15, 2026
अभिनेता सुनील शेट्टी ने मुंबई में दिया वोट
अभिनेता सुनील शेट्टी ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए मुंबई में मतदान करने के बाद कहा, 'सभी को वोट करना चाहिए क्योंकि मेरा मानना है कि यह सबसे महत्वपूर्ण चुनाव है। मुद्दे हम बनाते हैं। हम सभी को यह सुनिश्चित करना होगा कि जो भी जीतकर आए, हम उसका साथ दें। मेरे लिए यह मेरी कर्म भूमि है तो यह मेरे लिए ज्यादा मायने रखती है।'
-
11:33 AM (IST) Jan 15, 2026
हमें उम्मीद है कि अच्छा नतीजा आएगा: ओवैसी
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव पर कहा, 'महाराष्ट्र में जो नगर निगम के चुनाव हो रहे हैं, जनता उसमें आगे बढ़कर अपने वोट का इस्तेमाल करे। यह आपको अच्छा मौका मिलता है कि अपनी पसंद-नापसंद का इज़हार करें। हमें उम्मीद है कि अच्छा नतीजा आएगा।'
-
11:32 AM (IST) Jan 15, 2026
राज ठाकरे ने सरकार पर लगाया सत्ता के दुरुपयोग का आरोप
MNS प्रमुख राज ठाकरे ने अपनी पत्नी शर्मिला ठाकरे, अपनी मां, बेटे अमित ठाकरे और बहू के साथ आकर दादर के बालमोहन विद्या मंदिर स्कूल में मतदान किया। मतदान करने के बाद राज ठाकरे ने सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। (रिपोर्ट: सचिन चौधरी)
-
10:56 AM (IST) Jan 15, 2026
BMC चुनावों में पहले 2 घंटों में 6.98 फीसदी वोटिंग
BMC चुनावों के लिए सुबह 7:30 बजे से शुरू हुए पोलिंग में पहले 2 घंटों (9:30 बजे तक) औसतन 6.98% मतदान दर्ज किया गया। पश्चिमी उपनगरों के वार्ड नंबर 18 में सबसे ज्यादा 11.57% वोटिंग हुई, जबकि पूर्वी उपनगरों के वार्ड नंबर 162 में सबसे कम 1.68% मतदान रहा। मतदान शाम 5:30 बजे तक चलेगा, और परिणाम कल 16 जनवरी को आएंगे। शहर में 227 वार्डों में करीब 1,700 उम्मीदवार मैदान में हैं, और 1 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डाल रहे हैं। (PTI)
-
10:48 AM (IST) Jan 15, 2026
संजय राउत ने अपने भाई के साथ किया मतदान
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने अपने भाई सुनील राउत के साथ BMC चुनाव में मतदान किया।
-
10:41 AM (IST) Jan 15, 2026
अभिनेता जुनैद खान ने डाला वोट
अभिनेता जुनैद खान ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए मतदान किया। उन्होंने कहा, 'मतदान करना बहुत जरूरी है। सभी को वोट करना चाहिए।' (ANI)
-
10:32 AM (IST) Jan 15, 2026
'भाजपा की जीत होगी ऐसा मुझे विश्वास है'
महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव 2026 पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मतदान के बाद कहा, 'भाजपा की जीत होगी ऐसा मुझे विश्वास है। अच्छा बहुमत मिलेगा। नागपुर शहर को हमने देश का सबसे सुंदर, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने का संकल्प किया है, हम इसमें कामयाब होंगे।'
-
10:28 AM (IST) Jan 15, 2026
गीतकार गुलजार ने किया मताधिकार का इस्तेमाल
गीतकार गुलजार ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए मतदान करने के बाद कहा, 'हमारी अपने वतन में जड़े हैं और आपका वोट देना उन जड़ों को पालना है और लोकतंत्र को पालना है इसलिए यह फर्ज जरूर पूरा करें।'
-
10:18 AM (IST) Jan 15, 2026
'लोकतंत्र में हमें नेताओं तक अपनी बात पहुंचाना जरूरी'
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए अभिनेत्री दिव्या दत्ता वोट डालने पहुंचीं। उन्होंने कहा, 'लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। अपने घरों से निकलें और वोट करें। लोकतंत्र में हमें नेताओं तक अपनी बात पहुंचाना जरूरी है। अभी सबसे जरूरी मुद्दा प्रदूषण का होना चाहिए।'
-
10:08 AM (IST) Jan 15, 2026
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने किया मतदान
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने मतदान के बाद कहा, 'मैं मुंबईकर से विनती करती हूं कि सभी को वोट देना चाहिए। ये मुंबई के सभी नागरिकों के लिए जरूरी है। अगर आपको सुरक्षा, प्रगति, अच्छी हवा चाहिए, गड्ढा मुक्त सड़क चाहिए तो हमें जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। मताधिकार का उपयोग करेंगे तो शहर और अच्छा होगा।'
-
9:55 AM (IST) Jan 15, 2026
महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने डाला वोट
महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए मतदान करने के बाद कहा, 'मैंने अपने मत के अधिकार का उपयोग किया है। मैंने सुबह जल्दी अपने कर्तव्य का पालन किया है। मैं सबसे अपील करता हूं कि मतदान करने जरूर आएं। भाजपा विकास करेगी, इसी को लेकर लोग मतदान करेंगे।' (ANI)
-
9:42 AM (IST) Jan 15, 2026
'हर व्यक्ति को मतदान जरूर करना चाहिए'
मतदान करने के बाद दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा, 'यह एक ऐसा मौका जहां आप अपनी राय मतदान के जरिए रख सकते हैं। हर व्यक्ति को मतदान जरूर करना चाहिए। मतदान करना सभी के लिए महत्वपूर्ण है।'
-
9:35 AM (IST) Jan 15, 2026
'वोट करना मेरे अस्तित्व की निशानी है'
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए मतदान करने के बाद अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा, 'वोट करना मेरे अस्तित्व की निशानी है। कृपया सभी वोट जरूर करें।'
-
9:32 AM (IST) Jan 15, 2026
शिवसेना UBT नेता आनंद दुबे ने डाला वोट
शिवसेना UBT नेता आनंद दुबे ने BMC चुनाव 2026 के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
-
9:22 AM (IST) Jan 15, 2026
वन मंत्री को बूथ नंबर ढूंढ़ने में हुई परेशानी
महाराष्ट्र सरकार में वन मंत्री एवं बीजेपी नेता गणेश नाईक ने आज सुबह नवी मुंबई नगर निगम चुनाव के लिए वोट डाला। वोटर लिस्ट में अपना नाम और बूथ नंबर ढूंढने में उन्हें भी काफी परेशानी हुई, जिसके कारण उन्हें दो पोलिंग बूथों के बीच भागदौड़ करनी पड़ी। जानकारी के लिए बता दें कि नवी मुंबई शहर को गणेश नाईक का गढ़ माना जाता है। बीते कई चुनावों में उनकी मजबूत पकड़ नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) पर रही है। इस चुनाव में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और भाजपा के बीच गठबंधन नहीं हो सका, जिसके चलते दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। यहां गणेश नाईक बनाम एकनाथ शिंदे की सीधी सियासी जंग देखने को मिल रही है।
-
9:00 AM (IST) Jan 15, 2026
'मैं आदत और उम्मीद दोनों की वजह से वोट दे रही हूं'
महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2026 में अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह हमें कंट्रोल का एहसास देता है। मैं आदत और उम्मीद दोनों की वजह से वोट दे रही हूं।'
-
8:55 AM (IST) Jan 15, 2026
'जनता बीजेपी के साथ और मेयर बीजेपी का बनेगा'
केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा, "11 साल में पीएम मोदी के नेतृत्व में जो काम हुए जनता वो देख रही है, इंफ्रास्ट्रक्चर के कई काम हुए हैं। ये देख कर जनता बीजेपी के साथ और मेयर बीजेपी का बनेगा।" (ANI)
-
8:55 AM (IST) Jan 15, 2026
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और उनकी पत्नी ने डाला वोट
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और उनकी पत्नी सीमा गोयल ने BMC चुनावों के लिए मुंबई के एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डालने के बाद अपनी उंगलियों पर लगी स्याही दिखाई।
-
8:52 AM (IST) Jan 15, 2026
केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने किया मतदान
केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पुणे के पी जोग स्कूल में वार्ड नंबर 31 के पोलिंग सेंटर नंबर 42 पर मतदान किया। उन्होंने कहा, 'आज पुणे में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। मैं परिवार के साथ मतदान करने आया हूं। केंद्र सरकार की योजनाओं और काम को जनता देख रही है। पुणे का मेयर भाजपा से ही होगा।' (ANI)
-
8:39 AM (IST) Jan 15, 2026
भैयाजी जोशी ने मतदान की महत्ता पर दिया बल
RSS के पूर्व सरकार्यवाह तथा संघ के केंद्रीय प्रतिनिधि भैयाजी जोशी ने गुरुवार को चुनावों में मतदान की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सरकारें अधिकांशतः जनता की इच्छा से बनती हैं, जो आमतौर पर चुनावों के माध्यम से व्यक्त होती है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में नागरिक अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट देते हैं। जोशी ने कहा कि यह व्यवस्था इस विश्वास पर टिकी है कि चुने हुए नेता जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि लोकतंत्र में हर नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। लोकतंत्र में सरकार जनता के बहुमत से बनती है और यह अपेक्षा की जाती है कि ऐसी चुनी हुई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरे।' भैयाजी जोशी RSS प्रमुख मोहन भागवत के साथ गुरुवार को नागपुर नगर निगम चुनावों के लिए नागपुर में सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल थे। (रिपोर्ट: योगेंद्र तिवारी)
-
8:33 AM (IST) Jan 15, 2026
BMC चुनावों में वोटिंग के लिए पहुंची 83 साल की महिला
महाराष्ट्र: मुंबई में BMC चुनावों में वोट डालने के लिए 83 साल की एक महिला पोलिंग स्टेशन पर पहुंचीं।
-
8:24 AM (IST) Jan 15, 2026
मतदान केंद्रों पर उमड़ रही वोटर्स की भीड़
महाराष्ट्र: मुंबई में BMC चुनावों के लिए एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डालने के बाद एक परिवार के सदस्य अपनी उंगलियों पर लगी स्याही दिखाते हुए। चुनावों में मतदान के लिए पोलिंग सेंटर्स पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
-
8:15 AM (IST) Jan 15, 2026
बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम नाइक ने भी डाला वोट
महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में मतदान करने के बाद भाजपा नेता राम नाइक ने कहा, 'बहुत सालों के बाद यह चुनाव हो रहा है। इस चुनाव का बहुत महत्व है।'
-
8:06 AM (IST) Jan 15, 2026
मोहन भागवत ने बताई मतदान करने की वजह
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने नगर निकाय चुनाव में मतदान के बाद कहा, 'प्रजातांत्रिक रचना में रचना का एक अनिवार्य भाग चुनाव है इसलिए वो नागरिकों का कर्तव्य भी है, तो संतुलित विचार करके, जनहित का विचार करके जो योग्य लगता है उस उम्मीदवार को मत देना, यह हमारा कर्तव्य रहता है। इसलिए मैंने पहले आकर मतदान किया।'
-
8:02 AM (IST) Jan 15, 2026
'मेरी विनती है कि मुंबई की प्रगति के लिए वोट करें'
BMC चुनाव पर शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने कहा, 'मेरी विनती है कि हर एक मुंबईकर को पहले मतदान फिर जलपान। ये मुंबई की प्रगति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है कि आप बाहर आएं और मत दें। लोकतंत्र की एक खूबी है कि जब आप वोट करते हैं तब आप प्रश्न उठा सकते हैं। मेरी विनती है कि मुंबई की प्रगति के लिए वोट करें।' (ANI)
-
8:00 AM (IST) Jan 15, 2026
सिद्धिविनायक मंदिर में लगा उम्मीदवारों का तांता
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में BMC चुनाव के लिए आज वोटिंग हो रही है। सुबह से ही राजनेता और उम्मीदवार सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर दर्शन कर रहे है और विजय की कामना और दावे कर रहे हैं। (रिपोर्ट: सचिन चौधरी)
-
7:51 AM (IST) Jan 15, 2026
'मुंबई में शिवसेना UBT-MNS गठबंधन जीतेगा'
BMC चुनाव 2026 पर MNS नेता यशवंत किल्लेदार ने कहा, 'मैं वोट डालने जा रहा हूं, लेकिन ऐसा करने से पहले मैं यहां (श्री सिद्धिविनायक मंदिर) आया हूं, जो मैं हर बार करता हूं। कोई भी अच्छा काम शुरू करने से पहले मैं हमेशा बप्पा (भगवान गणेश) का आशीर्वाद लेता हूं, और उसी के लिए मैं यहां आया हूं। मुंबई में शिवसेना UBT-MNS गठबंधन जीतेगा, और एक मराठी व्यक्ति मेयर बनेगा।' (ANI)
-
7:46 AM (IST) Jan 15, 2026
'वोट जरूर करें ताकि हम सही व्यक्ति को चुन सकें'
फिल्म एक्टर अक्षय कुमार ने नगर निगम चुनाव 2026 पर कहा, 'आज BMC का चुनाव है। मैं सभी लोगों से कहूंगा कि वोट जरूर करें ताकि हम मतदान करके सही व्यक्ति को चुन सकें।'
-
7:44 AM (IST) Jan 15, 2026
मोहन भागवत ने महाराष्ट्र निकाय चुनावों के लिए वोट डाला
RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने महाराष्ट्र निकाय चुनावों के लिए वोट डाला। उन्होंने नागपुर नाइट स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
-
7:41 AM (IST) Jan 15, 2026
अक्षय कुमार BMC चुनावों के लिए मतदान करने पहुंचे
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार आज मुंबई के जुहू स्थित गांधी शिक्षण भवन मतदान केंद्र पर पहुंचे और BMC चुनाव 2026 के लिए अपना मतदान किया।
-
7:38 AM (IST) Jan 15, 2026
मोहन भागवत वोटिंग के लिए पहुंचे
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत नगर निकाय चुनाव में मतदान के लिए पहुंचे हैं। वे नागपुर नाइट स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे हैं। केंद्रीय सह-प्रचार प्रमुख सुनील देशपांडे भी उनके साथ मतदान करने पहुंचे हैं।
-
7:36 AM (IST) Jan 15, 2026
'अगर आज आप चूक गए तो...', शिवसेना यूबीटी ने किया पोस्ट
शिवसेना (UBT) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्टर पोस्ट किया है जिसमें लिखा है, 'अगर आज आप चूक गए तो हमेशा के लिए खो दोगे। अपनी मुंबई के लिए आज सुलग उठो और मतदान करो।'
-
7:30 AM (IST) Jan 15, 2026
29 महानगरपालिकाओं के लिए वोटिंग शुरू
महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। आज BMC के लिए भी वोटिंग हो रही है जहां 2017 के बाद चुनाव हो रहे हैं।
-
7:07 AM (IST) Jan 15, 2026
15 हजार 931 उम्मीदवार आजमा रहे हैं किस्मत
महाराष्ट्र की 29 महानगर पालिकाओं में 2869 सीटों पर 15 हजार 931 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। इनकी किस्मत का फैसला राज्य के 3 करोड़ 49 लाख वोटर करेंगे। इन चुनावों के नतीजे कल यानी कि 16 जनवरी को आएंगे।
-
7:01 AM (IST) Jan 15, 2026
BMC चुनावों के लिए मुकाबला हुआ त्रिकोणीय
BMC चुनावों के लिए विभिन्न पार्टियों ने 227 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जिसमें भाजपा ने 136 सीटों (2 पर नामांकन रद्द), शिवसेना 91, शिवसेना (यूबीटी) 163, मनसे 53, राष्ट्रवादी (शरद पवार) 11, कांग्रेस 143, वंचित बहुजन अघाड़ी 50, रासप 5 और राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार) 96 सीटों पर दावा ठोका है। यह चुनाव महायुति (भाजपा-शिवसेना) बनाम ठाकरे गठबंधन (शिवसेना यूबीटी-मनसे) और कांग्रेस-वंचित के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बन गया है।
-
6:55 AM (IST) Jan 15, 2026
29 नगर निकायों के लिए आज होगा मतदान
मुंबई महानगर पालिका यानी कि BMC समेत महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों के लिए मतदान आज सुबह 7.30 बजे से शुरू हो जाएगा। लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद यह मुकाबला शहरी सत्ता पर पकड़ को लेकर है, जिसे राजनीतिक विश्लेषक 'सेमीफाइनल' के रूप में देख रहे हैं।