1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. दो दिनों से लापता था होटल संचालक, अब बोरियों में भरकर नाले में फेंका हुआ मिला शव

दो दिनों से लापता था होटल संचालक, अब बोरियों में भरकर नाले में फेंका हुआ मिला शव

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Subhash Kumar
 Published : Apr 23, 2026 03:49 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 03:57 pm IST

महाराष्ट्र के नागपुर में बीते दो दिनों से लापता होटल संचालक का शव नाले में बोरियों में भरकर फेंका हुआ मिला है। पुलिस को लेनदेन के विवाद में हत्या की आशंका है।

nagpur hotel owner murdered found in sewer- India TV Hindi
नाले में मिला व्यक्ति का शव। Image Source : REPORTER

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सदर के छावनी इलाके में किराए पर होटल चलाने वाले युवक की हत्या करके शव को बोरे में बांधकर नाले में फेंक दिया गया। नागपुर के जरीपटका के नारा घाट में स्थित नाले में शव मिलने पर घटना का खुलासा हुआ। आरंभिक जांच में करीबी व्यक्ति द्वारा योजना के तहत हत्या को अंजाम  दिए जाने का पुलिस को संदेह है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मृतक का नाम राहुल सुनील साहू है जो कि झिंगाबाई टकले क्षेत्र का निवासी है।

2 घंटे में लौटकर आने की बात कही थी 

सदर पुलिस थाने के निरीक्षक राहुल तसरे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, राहुल साहू जिले के छावनी इलाके में हैप्पी होम के नाम से किराए पर होटल चलता था। वह 20 अप्रैल की रात 7:30 बजे होटल के कर्मचारियों को 2 घंटे में लौटकर आने की बात कह कर दो पहिया वाहन से रवाना हुआ। इसके बाद से राहुल का कोई पता नहीं था। मृतक राहुल सुनील साहू की पत्नी गृहिणी है और उनकी दो बेटियां है। राहुल पहले मोबाइल शॉप चलाता था। यह धंधा बंद होने के बाद उसने नागपुर के सदर में हैप्पी स्टे नामक होटल किराए पर चलाने के लिए लिया था। पुलिस के अनुसार राहुल होटल के अलावा प्रॉपर्टी डीलर का भी काम करता था।

हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई 

राहगीरों ने नारा घाट के पास पीली नदी पर बने पुल के नीचे संदिग्ध बोरियां देखी। सूचना मिलते ही जरिपटका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों की मदद से बोरियों को बाहर निकाल गया। राहुल के शरीर को बाहर से दो अलग-अलग बोरियों में डालकर रस्सी से कस कर बांधा गया था। मृतक के गले और सर पर गहरे जख्मों के निशान हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार राहुल की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई है और शव को यहां पर लाकर फेंका गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर के जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब राहुल के मोबाइल के कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि पता चल सके कि सोमवार को शाम को उसे किसका फोन आया था और वह किससे पैसे लेने गया था।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र: पालघर में पटाखा यूनिट में धमाका, 2 लोगों की मौत और 4 घायल

नालासोपारा में 40 फीट गहरे कुएं में गिर गई कार, फिर भी कैसे बच गई जान, जानिए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।