1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra News: बीजेपी वॉशिंग मशीन है, संजय राठौड़ के अब 'सब दाग' धुल गए: किशोरी पेडनेकर

Maharashtra News: बीजेपी वॉशिंग मशीन है, संजय राठौड़ के अब 'सब दाग' धुल गए: किशोरी पेडनेकर

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Aug 09, 2022 02:40 pm IST,  Updated : Aug 09, 2022 02:40 pm IST

Maharashtra News: शिवसेना के उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट की पेडनेकर ने कहा, ''यह (भाजपा) वॉशिंग मशीन की तरह है। एक बार जब कोई वहां चला जाता है तो वह बेदाग हो जाता है।''

Former Mumbai Mayor Kishori Pednekar- India TV Hindi
Former Mumbai Mayor Kishori Pednekar Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने बीजेपी पर साधा निशाना
  • संजय राठौड़ और अब्दुल सत्तार को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर कसा तंज
  • बीजेपी 'वॉशिंग मशीन' की तरह है, इनके सब पाप धुल गए: पेडनेकर

Maharashtra News: महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में मंगलवार को शिवसेना के बागी विधायक संजय राठौड़ और अब्दुल सत्तार को शामिल किए जाने के बाद मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने तंज कसा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 'वॉशिंग मशीन' की तरह है और एक बार जब नेता उनके पाले में चले जाते हैं तो वे बेदाग हो जाते हैं। पूर्ववर्ती उद्धव ठाकरे नीत महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में शामिल रहे राठौड़ को एक महिला की मौत के मामले को लेकर आरोप लगने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। 

अब बेदाग हो गए राठौड़ और सत्तार: पेडनेकर

हाल में सत्तार की तीन बेटियों और एक बेटे का नाम 7,880 अभ्यर्थियों की उस सूची में दिखायी दिया था, जिन्हें शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2019-20 में कथित धांधली के संबंध में प्रतिबंधित तथा अयोग्य घोषित कर दिया गया है। राठौड़ और सत्तार दोनों को ही शिंदे के मंत्रिमंडल के आज हुए विस्तार में शामिल किया गया है। इन दोनों नेताओं के एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद शिवसेना के उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट की पेडनेकर ने कहा, ''यह (भाजपा) वॉशिंग मशीन की तरह है। एक बार जब वे वहां चले जाते हैं तो वे बेदाग हो जाते हैं।' इस पर शिंदे ने कहा कि जब महाविकास आघाड़ी सरकार सत्ता में थी तब ही राठौड़ को पुलिस ने क्लीन चिट दे दी थी इसलिए उन्हें राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। 

दोनों गुट के 9-9 मंत्री बने

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल समेत 18 विधायकों ने दक्षिण मुंबई में राज भवन में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। शपथ लेने वाले मंत्रियों में शिंदे गुट और भाजपा के नौ-नौ सदस्य शामिल हैं। भाजपा की ओर से मंत्रिमंडल में शामिल सदस्यों में राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुधीर मुन्गंतीवार, चंद्रकांत पाटिल, विजयकुमार गावित, गिरीश महाजन, सुरेश खडे, रवींद्र चह्वाण, अतुल सावे और मंगलप्रभात लोढा शामिल हैं। वहीं शिंदे गुट से मंत्री पद की शपथ लेने वाले सदस्यों में गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, संजय राठौड़, संदीप भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, अब्दुल सत्तार, दीपक केसरकर और शंभुराज देसाई शामिल हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।