विदेश से वापस आने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी फिर से एक्टिव हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर सवाल उठाया। इसपर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत रिएक्शन दिया। सीएम फडणवीस ने कहा कि सरकार ने तेजी से कार्रवाई करके पेपर लीक करने वालों को पकड़ा और फिर परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाई गई। फडणवीस ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने ये ट्वीट देश से किया है या विदेश से क्योंकि वो ज्यादातर विदेश में रहते हैं, इसीलिए उन्हें शायद एक्शन की जानकारी ना हो।
राहुल गांधी के ट्वीट पर CM फडणवीस का जवाब
मुंबई में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा, ''राहुल गांधी को शायद इस बात की कल्पना (जानकारी) नहीं होगी कि सक्रिय रूप से सरकार ने कार्रवाई करके पेपर लीक करने वालों को पकड़ा और इसीलिए वह परीक्षा आगे बढ़ाई गई। पेपर लीक होने के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले ही यह कार्रवाई महाराष्ट्र सरकार ने, हमारी पुलिस ने की है। और निश्चित रूप से आगे की परीक्षा सही तरीके से हो, इसका नियोजन (तैयारी) चल रहा है, उसकी तारीखें भी हम जल्द ही घोषित करने वाले हैं। सिर्फ मुझे इसकी कल्पना नहीं है कि राहुल गांधी ने यह ट्वीट विदेश से किया है या देश से किया है, क्योंकि वे अधिकांश समय विदेश में होते हैं, इसलिए उन्हें सभी जानकारी होती ही है, ऐसा नहीं है।"
राहुल ने कौन सी 3 मांगें रखीं?
बता दें कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र टीईटी का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द किए जाने के बाद इसकी नई तारीख की घोषणा में देरी को लेकर मंगलवार को चिंता जताई। उन्होंने X पर एक लंबी-चौड़ी पोस्ट शेयर की है और सरकार से सीधा सवाल करते हुए पूछा है कि गलती सिस्टम की है, तो फिर मेहनत से पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों को इसकी सज़ा क्यों दी जा रही है? इसके साथ ही उन्होंने सीएम फडणवीस से तीन अहम मांग की है।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ''महाराष्ट्र TET का पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द हुई। 6 लाख अभ्यर्थी अधर में। दो हफ्ते हो गए, नई तारीख का कोई अता-पता नहीं। लीक करने वाले आजाद, सिस्टम बेदाग और सजा भुगत रहा है वो जिसने ईमानदारी से मेहनत की। ये देश के कार्यरत और होने वाले शिक्षक हैं जिनके हाथ में भारत का भविष्य है- ये वही लोग हैं जिन्होंने साल दर साल तैयारी की, फॉर्म भरे, फीस दी, दूर-दराज के सेंटर तक गए। और अब बस इंतजार कर रहे हैं, बिना तारीख, बिना जवाब।''
मुख्यमंत्री जी- तीन चीज़ें, आज ही:
1. समय-सीमा: TET की नई तारीख अभी घोषित कीजिए।
2. जवाबदेही: लीक के ज़िम्मेदारों पर कार्रवाई हो, अभ्यर्थी पर नहीं।
3. भविष्य की रक्षा: जिनका साल इस लीक के कारण बर्बाद हुआ, उन्हें उम्र सीमा में छूट दी जाए।
17 जुलाई को पेपर लीक पर बात करेंगे राहुल
उन्होंने आगे लिखा, ''17 जुलाई को देहरादून में मैं पेपर लीक के बढ़ते संकट पर आपसे विस्तार से बात करूंगा। अब समय आ गया है शिक्षा क्रांति का- ऐसी व्यवस्था बनाने का, जहां युवाओं को सिस्टम की नाकामी नहीं, अपनी मेहनत का फल मिले।''
TET परीक्षा से 1 दिन पहले लीक हो गया था पेपर
महाराष्ट्र में पहले 28 जून को टीईटी परीक्षा होनी थी, लेकिन 27 जून को ठाणे जिले में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद परीक्षा स्थगित कर दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने इंडिया टीवी को बताया कि प्रश्नपत्र दोबारा तैयार किए जाएंगे और भविष्य में किसी भी प्रकार की पेपर लीक की घटना रोकने के लिए अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली में राहुल गांधी के 'गुमशुदा' होने के लगे पोस्टर, BJP ने कहा- 'लीडर ऑफ पर्यटन'
यूपी से जुड़े महाराष्ट्र TET पेपर लीक के तार, आगरा से 3 और आरोपी गिरफ्तार, छपाई के दौरान हुआ 'खेल'!