1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. हवाई जहाज के टॉयलेट के अंदर बैठकर स्मोक कर रहा था यात्री, धुआं निकला तो यात्रियों में मच गई अफरा-तफरी, हुआ गिरफ्तार

हवाई जहाज के टॉयलेट के अंदर बैठकर स्मोक कर रहा था यात्री, धुआं निकला तो यात्रियों में मच गई अफरा-तफरी, हुआ गिरफ्तार

 Published : Sep 27, 2025 01:37 pm IST,  Updated : Sep 27, 2025 01:40 pm IST

फुकेत-मुंबई उड़ान के दौरान एक यात्री ने फ्लाइट के अंदर ऐसा कांड किया, जिससे सभी यात्री डर के मारे थर-थर कांपने लगे। दरअसल यात्री ने विमान के टॉयलेट में स्मोक किया, इससे जो धुआं निकला, उसे देखकर यात्रियों को लगा कि विमान में आग लग गई है।

airplane toilet- India TV Hindi
टॉयलेट के अंदर बैठकर स्मोक कर रहा था यात्री Image Source : PTI/FILE

मुंबई: कहते हैं कि कुछ लोगों को स्मोक करने की इतनी ज्यादा हुड़क मचती है कि वह इस बात को भी भूल जाते हैं कि वह कहां मौजूद हैं और क्या वहां स्मोक करने की परमिशन है या नहीं। कुछ ऐसा ही हुआ एक विमान के यात्री के साथ, जो हवाई जहाज के टॉयलेट के अंदर बैठकर स्मोक करने लगा और उसकी इस हरकत की वजह से पूरे हवाई जहाज में अफरा-तफरी मच गई।

क्या है पूरा मामला?

शुक्रवार रात फुकेत-मुंबई फ्लाइट के दौरान यात्रियों ने टॉयलेट से धुआं निकलता देखा। इसके बाद विमान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों को लगा कि विमान में आग लग गई है, इसलिए टॉयलेट से धुआं निकल रहा है। लेकिन यात्री को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ा और वह टॉयलेट के अंदर बैठकर स्मोक करता रहा।

इसके बाद जब फ्लाइट छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड हुई तो इस हरकत को करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया। इस शख्स की उम्र 25 साल है और उसकी पहचान दक्षिण मुंबई के नेपियंस रोड निवासी भव्य गौतम जैन के रूप में हुई है। 

पुलिस ने शनिवार को इस केस के बारे में बताया कि एक 25 साल के विमान यात्री को विमान के टॉयलेट में स्मोक करने की वजह से गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार रात फुकेत-मुंबई उड़ान के दौरान इस यात्री ने ये हरकत की।

क्यों हुई गिरफ्तारी? 

विमान के अंदर स्मोक करना पूरी तरह से मना है। इसलिए आरोपी युवक को विमान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है। आखिर कोई युवा इस तरह की लापरवाही कैसे कर सकता है। विमान के अंदर स्मोक करने से यात्रियों की जान को खतरा भी हो सकता था। इस मामले के सामने आने के बाद सभी लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

पहले भी विमान के अंदर अजीब हरकतें करने के मामले सामने आए हैं। जिसमें अन्य यात्रियों को परेशान करना और मारपीट करना शामिल है। लेकिन ये मामला वाकई घोर लापरवाही का मामला था। यात्रियों को ये ध्यान रखना चाहिए कि उनकी एक गलती सभी की जान के लिए खतरा बन सकती है। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।