महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से सड़क हादसे की एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। मुंबई के मानखुर्द इलाके में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, सायन-पनवेल हाईवे पर एक BEST बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में डिवाइडर के पास खड़े एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बस चालक और परिचालक घायल हो गए हैं। आइए जानते हैं कि इस हादसे के बारे में अब तक क्या जानकारी मिली है।
BEST बस दुर्घटनाग्रस्त
सामने आई जानकारी के अनुसार, मुंबई के मानखुर्द स्थित सायन-पनवेल हाईवे पर विश्वकर्मा अस्पताल के सामने आज सुबह एक BEST बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रूट नंबर 501 की BEST बस सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। राजावाड़ी अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में तीन लोग घायल हुए, जिनमें से एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो घायलों का इलाज चल रहा है। आपको बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र के वर्धा जिले से भी भीषण हादसे की खबर सामने आई थी। यहां समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के नीचे कार दब गई। ट्रक में मिर्च लदी थी, ट्रक में आग लग गई। टक्कर के बाद कार में सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और ट्रक के ड्राइवर ने भी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। हादसे में ट्रक का क्लीनर बुरी तरह से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मानखुर्द में मृतक की पहचान सामने आई
मानखुर्द इलाके में हुए हादसे में मृतक की पहचान भास्कर रावसाहेब पांडे (65 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हादसे के समय सड़क किनारे डिवाइडर के पास खड़े थे। घायलों में बस चालक बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा (51 वर्ष) और बस परिचालक वैभव वाघमारे (41 वर्ष) शामिल हैं। दोनों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- नागपुर में ट्रेन की चपेट में आने से 6 हिरणों की मौत, मुंबई-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा
वसई में पुल गिरने से दो वाहन पुल में फंसे, कई गांवों का संपर्क मार्ग बंद