1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई: तोड़ा जा रहा ब्रिटिश काल का कर्नाक पुल, 27 घंटे तक बाधित रहेगा मध्य रेलवे मार्ग

मुंबई: तोड़ा जा रहा ब्रिटिश काल का कर्नाक पुल, 27 घंटे तक बाधित रहेगा मध्य रेलवे मार्ग

 Reported By: Atul Singh, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Nov 19, 2022 01:28 pm IST,  Updated : Nov 19, 2022 01:28 pm IST

मुंबई लोकल का यह मेगा ब्लॉक मेनलाइन पर 17 घंटे, हार्बर लाइन पर 21 घंटे और मेल एक्सप्रेस कोचिंग डिपो की यार्ड लाइन पर 27 घंटे का होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त टिकट रिफंड काउंटर्स और हेल्पडेस्क खोले जायेंगे।

Local Train News, Mumbai News, Mumbai Local Train News, Local Train Mumbai News- India TV Hindi
अंग्रेजों के जमाने का कर्नाक ब्रिज। Image Source : INDIA TV

मुंबई: मध्य रेलवे ब्रिटिश काल के कर्नाक पुल को ढहाने के लिए दक्षिण मुंबई में मस्जिद बंदर स्टेशन और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के बीच शनिवार रात से 27 घंटे के लिए मार्ग को बंद रखेगा। मध्य रेलवे की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि 19 नवंबर को रात 11 बजे से 21 नवंबर रात 2 बजे तक मार्ग बंद रहेगा, जिसके कारण लोकल और एक्सप्रेस रेलगाड़ियों के आवागमन कार्यक्रम पर असर पड़ेगा। रेलवे ट्रैक बंद रहने से लोकल ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले 37 लाख से ज्यादा यात्रियों के साथ-साथ अन्य रेलगाड़ियों से यात्रा करने वाले लोग भी प्रभावित होंगे।

अलग-अलग लाइनों पर ब्लॉक का ये रहेगा समय

बता दें कि मध्य रेलवे के मुंबई उपनगरीय नेटवर्क पर 1,800 से अधिक लोकल ट्रेन सेवाएं चलाई जाती हैं। रेल अधिकारियों ने बताया कि यह पुल 1866-67 में बनाया गया था और 2018 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मुंबई की एक विशेषज्ञ टीम ने इसे असुरक्षित घोषित कर दिया था। इस पुल पर 2014 में ही भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। रेलवे के मुताबिक, यह मेगा ब्लॉक मेनलाइन पर 17 घंटे, हार्बर लाइन पर 21 घंटे और मेल एक्सप्रेस कोचिंग डिपो की यार्ड लाइन पर 27 घंटे का होगा।

मेन लाइन, हार्बर लाइन पर पहले शुरू होंगी सेवाएं
मेनलाइन पर 17 घंटे का यह ब्लॉक CSMT और भायखला के बीच संचालित होगा। 17 घंटे का ब्लॉक 19 नवंबर को रात 11 बजे शुरू होगा और 20 नवंबर को शाम 4 बजे खत्म होगा। इसी तरह हार्बर लाइन पर CSMT और वडाला के बीच 21 घंटे का ब्लॉक रहेगा। 21 घंटे का यह ब्लॉक 19 नवंबर को रात 11 बजे  शुरू होगा और 20 नवंबर को रात 8 बजे खत्म होगा। यानी कि ब्लॉक शुरू होने के बाद क्रमश: 17 और 21 घंटे के बाद मेन लाइन और हार्बर लाइन पर ट्रेनों की पूरी आवाजाही सुचारू हो जाएगी। 

Local Train News, Mumbai News, Mumbai Local Train News, Local Train Mumbai News
Image Source : INDIA TVब्लॉक के चलते मुंबई लोकल के लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने उठाए ये कदम
मेल एक्सप्रेस यार्डलाइन का ब्लॉक 27 घंटे के बाद यानी 21 नवंबर को रात में 2.00 बजे खत्म होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए मेनलाइन पर भायखला, परेल, कुर्ला, दादर और ठाणे, कल्याण और कर्जत-कसारा स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेनें चलाई जाएगी। इसके अलावा, हार्बर लाइन पर वडाला से पनवेल और गोरेगांव स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। भायखला, परेल, दादर, कुर्ला और वडाला स्टेशनों पर ट्रेन रिवर्सल के लिए प्लेटफार्मों की संख्या सीमित है, अतः मेनलाइन और हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेनें कम फ्रीक्वेंसी पर चलाई जाएंगी।

यात्रियों के लिए पर्याप्त टिकट रिफंड काउंटर्स खोले जाएंगे
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि अनावश्यक रूप से स्टेशन पर भीड़भाड़ न करें। यात्रियों की सुविधा के लिए ब्लॉक प्रभावित क्षेत्र में, महानगरपालिकाओं को पर्याप्त बसें चलाने का अनुरोध किया गया है। 18 मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की जोड़ियों को रद्द कर दिया गया है और दादर, पनवेल, पुणे और नासिक स्टेशनों पर 68 मेल एक्सप्रेस ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजीनेट किया है। इस संबंध में पूरी जानकारी सेंट्रल रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट cr.indianrailways.gov.in पर और सोशल मीडिया हैंडल पर उपलब्ध है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त टिकट रिफंड काउंटर्स खोले जाएंगे और यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए हेल्पडेस्क भी खोले जायेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।