मुंबई। मुंबई में विद्याविहार और कुर्ला स्टेशनों के बीच कल्याण-सीएसएमटी लोकल ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण मध्य रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं रविवार शाम को प्रभावित रहीं। हालांकि ऑफिस का दिन न होने के चलते लोकल में भीड़ रोज के मुकाबले कम थी। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Related Stories
एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन के पटरी से उतरने से पहले शाम करीब सात बजे महिला डब्बे में शॉर्ट सर्किट होते देखा गया था। ट्रेन उस वक्त विद्याविहार पहुंचने वाली थी। कुछ महिला यात्रियों ने स्टेशन अधिकारियों को महिला डब्बे के स्विच बोर्ड से निकलती चिंगारी और आग की ओर ध्यान दिलाया जिसके बाद ट्रेन रोक दी गयी।
मध्य रेलवे के अधिकारी ने बताया कि समस्या सुलझा लिये जाने के बाद ट्रेन दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर फिर से रवाना हुई लेकिन रात करीब आठ बजकर 55 मिनट पर ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया।