महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में ड्रग्स सिंडिकेट पर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच का एक्शन देखने को मिला है। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने ड्रग्स मामले में शहर भर के 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। अग्रिपाड़ा, बांद्रा, कोलाबा, पवई और घाटकोपर समेत कई इलाकों में 10 टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
अग्रिपाड़ा में पकड़ी गई अवैध ड्रग्स फैक्ट्री के बाद बड़ी कार्रवाई
बता दें कि एंटी-नारकोटिक्स सेल ने यह कार्रवाई मई में अग्रिपाड़ा में पकड़ी गई अवैध मेफेड्रोन (एमडी) फैक्ट्री की जांच के सिलसिले में की जा रही है। उस कार्रवाई में पुलिस ने 50.74 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन, हथियार और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए थे।
11 अलग-अलग कंपनियों से मंगाए गए थे जरूरी केमिकल
जांच में सामने आया था कि ड्रग्स बनाने के लिए जरूरी केमिकल 11 अलग-अलग कंपनियों के जरिए ऑनलाइन मंगाए गए थे। मुंबई पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान इन सभी 11 कंपनियों के पते फर्जी पाए गए, जिसके बाद अब पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।
मेफेड्रोन का सेवन कितना खतरनाक?
अमेरिका की National Library of Medicine NIH में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, मेफेड्रोन के सेवन से उत्तेजकता से जुड़े बड़े असर होते हैं। इसे लेने वाले में बहुत ज्यादा खुशी महसूस होने, ध्यान केंद्रित करने की क्षमता बढ़ने, ज्यादा बातें करने, हिलने-डुलने की इच्छा होने, जबड़े भींचने, भूख कम लगने और नींद न आने के लक्षण दिखते हैं।
जबरदस्त लत लगाने वाला होता है मेफेड्रोन
सैंपल में शामिल 30 प्रतिशत लोगों में DSM-IV के तहत ड्रग पर निर्भरता के लक्षण दिखे। इस ड्रग को प्रयोग करने की जबरदस्त लत के साक्ष्य भी मिले। 47 प्रतिशत लोगों ने लगातार 2 या उससे अधिक दिनों तक इसका सेवन किया था। इसके अलावा जिन 14 लोगों ने अपना यूरिन सैंपल दिया था, उन सभी के टॉक्सिकोलॉजिकल एनालिसिस से मेफेड्रोन के हालिया सेवन की पुष्टि हुई थी।
स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान का रिस्क है बहुत
मेफेड्रोन के गलत इस्तेमाल से स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान का रिस्क बहुत ज्यादा है। इसके प्रयोग की लत लगने के मुख्य लक्षणों में टॉलरेंस का बढ़ना, खुद पर काबू न रहना और इसे इस्तेमाल करने की जबरदस्त लत शामिल है।
ये भी पढ़ें- NCB ने पहली बार सीज की 'जिहादी ड्रग', ऑपरेशन RAGEPILL में मिली बड़ी कामयाबी; गृहमंत्री शाह ने भी की तारीफ