1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई
  4. नवी मुंबई Live: उरण स्थित ONGC के प्‍लांट में भीषण आग, 4 लोगों की मौत

नवी मुंबई Live: उरण स्थित ONGC के प्‍लांट में भीषण आग, 4 लोगों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 03, 2019 08:57 am IST,  Updated : Sep 03, 2019 12:25 pm IST

नवी मुंबई में आज सुबह भीषण हादसा घट गया। नवी मुंबई के उरण स्थित ओएनसीसी के प्लांट में आज सुबह भीषण आग लग गई।

ONGC Mumbai- India TV Hindi
ONGC Mumbai

नवी मुंबई में आज सुबह भीषण हादसा घट गया। नवी मुंबई के उरण स्थित ओएनसीसी के प्‍लांट में आज सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत की खबर है। मौके पर फायर ब्रिगेड को रवाना कर दिया गया है। आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि सुबह 7 बजे के करीब प्‍लांट में आग लगी। गनीमत यह रही कि जिस वक्‍त यह हादसा हुआ उस वक्‍त प्‍लांट में ज्‍यादा लोग मौजूद नहीं थे। 

ओएनजीसी ने बताया कि इसका गैस प्रसंस्करण पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और गैस को गुजरात के सूरत जिले के हजीरा संयंत्र की ओर मोड़ दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नवी मुम्बई के उरण क्षेत्र स्थित ओएनजीसी गैस प्रसंस्करण संयंत्र में सुबह करीब सात बजे आग लगी। 

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ घटना में चार लोगों की मौत हुई है और अन्य तीन घायल हुए हैं।’’ ओएनजीसी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ उरण संयंत्र के जल निकासी क्षेत्र में आज सुबह आग लगी, दमकल विभाग की टीम ने दो घंटे के भीतर उस पर काबू पा लिया। ओएनजीसी की मजबूत संकट शमन तैयारी ने इस बड़ी आग पर जल्द काबू पाने में मदद की।’’ इससे पहले एक अन्य ट्वीट में उसने कहा था, ‘‘ उरण तेल और गैस प्रसंस्करण संयंत्र के जल निकासी क्षेत्र में आज सुबह आग लग गई। 

ओएनजीसी दमकल विभाग और संकट प्रबंधन दल बचाव कार्य में जुटे हैं। आग पर काबू पाया जा रहा है। तेल प्रसंस्करण पर इसका कोई असर नहीं हुआ है। गैस को हजीरा संयंत्र की ओर मोड़ दिया गया है। स्थिति का आकलन किया जा रहा है।’’ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग की करीब 22 गाड़ियों सहित ओएनजीसी, नवी मुम्बई नागरिक निकाय और अन्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। mumbai से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें महाराष्ट्र