महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की ओर से राज्य में बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया जा रहा है और कार्रवाई की जा रही है। राज्य से लगातार लापरवाही बरतने वाले संस्थानों को सील किए जाने की खबरें भी सामने आ रही हैं। अब इसी क्रम में FDA ने मुंबई स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी मुख्यालय के भीतर संचालित कैंटीन को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील करने के आदेश दिए हैं।
छाछ के गिलास में मक्खी मिली
FDA की ओर से बीएमसी मुख्यालय की कैंटिन को सील किए जाने की यह कार्रवाई उस समय की गई जब कैंटीन में परोसे गए छाछ के एक गिलास में मक्खी मिलने की शिकायत सामने आई। शिकायत के बाद FDA अधिकारियों ने करीब पांच घंटे तक कैंटीन का गहन निरीक्षण किया। जांच में साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर FDA ने कैंटीन संचालक कमल कैटरर्स को कारोबार बंद करने का नोटिस (स्टॉप बिजनेस नोटिस) जारी किया।
BMC ने ठेकादार पर लगाया जुर्माना
इस मामले में बीएमसी के स्वास्थ्य और श्रम विभाग ने भी एक्शन लिया है और ठेकेदार पर कुल 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। आपको बता दें कि यह कार्रवाई महाराष्ट्र FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में मुंबई में चलाए जा रहे व्यापक खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है। इससे पहले केईएम अस्पताल की कैंटीन सहित शहर के कई प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है।
FDA लगातार कर रहा कार्रवाई
आपको बता दें कि इससे पहले पुणे में सिया गोयल (केतन अग्रवाल की हत्या की आरोपी) के परिवार की दुकान पर भी कार्रवाई हुई थी। FDA ने मसाला और सूखे मेवों की दुकान को कथित नियमों के उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किया था। नोटिस में दुकान का कारोबार तुरंत रोकने को कहा गया था। इसके अलावा हाल ही में FDA ने मुंबई के प्रसिद्ध K Rustom आइसक्रीम पार्लर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था। यहां चूहे और मक्खियां मिलने की बात सामने आई थी। इसके अलावा बीते कुछ दिनों से महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में मिलावटी दूध के खिलाफ भी कार्रवाई देखने को मिली है।
ये भी पढे़ें- केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया के परिवार की बढ़ीं मुश्किलें, दुकान को मिला 'कारोबार बंद करने' का नोटिस