महाराष्ट्र में मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित समतानगर इलाके में एक नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक पेशे से डिलीवरी बॉय बताया जा रहा है और वह मृतका का कथित प्रेमी था। आरोपी ने अपनी कथित गर्लफ्रेंड का मर्डर क्यों किया है, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। पुलिस ये भी मालूम करने की कोशिश कर रही है कि यह हत्या पूर्व नियोजित थी या फिर आवेश में आकर इसको अंजाम दिया गया है।
पहाड़ी इलाके से बरामद हुआ नाबालिग लड़की का शव
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह दामूनगर क्षेत्र के पीछे पहाड़ी इलाके में एक लड़की का शव मिलने की सूचना मिली थी। खबर मिलते ही समतानगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम व वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाबालिग के शव को उनके परिजनों को सौंपा जाएगा।
नाबालिग का कथित BF हुआ गिरफ्तार
जांच के दौरान, पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसी दौरान, मृतका की पहचान हुई और उसके परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि उसका सूरज मारुति वाघमारे नामक युवक से प्रेम संबंध था।
हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही पुलिस
डीसीपी गजानन राजमाने ने बताया कि तकनीकी जानकारी और खुफिया इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में हत्या में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
गंभीर अपराध का खुलासा संभव
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्वरित कार्रवाई, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच की मदद से इस गंभीर अपराध का खुलासा संभव हो पाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जाएगी और उसने इस हत्या को क्यों अंजाम दिया, इसका पता लगाया जाएगा। दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- मुंबई में हैरान कर देने वाला मामला, शख्स ने ऑटो रिक्शा में फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी से की थी जान देने की बात