मुंबई: चर्चगेट-नालासोपारा लोकल ट्रेन में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद अब मुंबई के माहिम इलाके से भी चाकूबाजी की एक घटना सामने आई है। माहिम रेलवे स्टेशन के पास महज एक मामूली धक्का लगने और मोबाइल गिरने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक का फिलहाल सायन अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
'सॉरी' बोलने के बाद भी किया पीछा
पीड़ित की पहचान 35 वर्षीय नवीन प्रसन्न के रूप में हुई है, जो माहिम के पीतांबर लेन स्थित कुरेशी महल कंपाउंड का रहने वाला है और लोअर परेल की एक निजी कंपनी में ऑफिस बॉय का काम करता है। घटना 25 जून की रात करीब 10 बजे की है। नवीन काम खत्म कर लोअर परेल से स्लो लोकल ट्रेन पकड़कर माहिम स्टेशन पहुंच था। स्टेशन परिसर से बाहर पैदल जाते समय अचानक उसका धक्का एक अज्ञात राहगीर से लग गया। धक्के के कारण उस व्यक्ति के हाथ से मोबाइल फोन नीचे गिर गया। नवीन ने तुरंत शालीनता दिखाते हुए अपनी गलती मानी और 'सॉरी' कहा।
मोबाइल सुरक्षित होने पर भी नहीं शांत हुआ गुस्सा
आरोपी ने जमीन से अपना मोबाइल उठाया और जांचा। मोबाइल पूरी तरह सुरक्षित था और उसमें कोई खराबी नहीं आई थी। इसके बावजूद आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने नवीन के साथ सरेआम गाली-गलौज शुरू कर दी। नवीन ने विवाद को बढ़ाना ठीक नहीं समझा और वह वहां से चुपचाप आगे बढ़ गया। विवाद से बचने की नवीन की कोशिश भी नाकाम रही। सनकी आरोपी ने सेनापति बापट मार्ग तक नवीन का पीछा किया और मौका पाकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के बाद लहूलुहान नवीन ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन आरोपी इतना दुस्साहसी था कि उसने बीच-बचाव करने आए आस-पास के लोगों को भी चाकू दिखाकर डरा दिया। इसके चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
सायन अस्पताल में इलाज जारी
गंभीर रूप से घायल नवीन किसी तरह अपने घर पहुंचा। उसके भाई ने खून से लथपथ हालत में उसे देखा और तुरंत सायन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। माहिम पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
ये भी पढ़ें-
सांसदों ने छोड़ा साथ तो बौखलाए उद्धव ठाकरे, देवेंद्र फडणवीस से लेकर शिंदे तक पर बोला हमला
दिल्ली स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में करोड़ों का घोटाला, पूर्व डायरेक्टर जनरल समेत 3 गिरफ्तार