मुंबई। महाराष्ट्र में एक टीवी पत्रकार के खिलाफ उस खबर को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें कहा गया था कि ट्रेन सेवाएं बहाल होंगी, जिसके कारण उपनगर बांद्रा में मंगलवार को प्रवासी कामगार उमड़ पड़े थे।
Related Stories
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले के आरोपी राहुल कुलकर्णी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस उसे मुंबई ला रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक खबर में कुलकर्णी ने कहा था कि लॉकडाउन के कारण फंसे हुए लोगों के लिए जन साधारण विशेष ट्रेनें बहाल होंगी।
अधिकारी ने बताया कि उस पर आईपीसी की धारा 188, 269, 270 और 117 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर को यहां बांद्रा रेलवे स्टेशन के समीप 1,000 से अधिक प्रवासी कामगार उमड़ पड़े थे, जिनमें से अधिकतर बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के थे। वे मांग कर रहे थे कि राज्य सरकार उनके लिए यातायात का प्रबंध करें ताकि वे अपने-अपने शहर और गांव लौट सकें।