मुंबई: मुंबई BMC की सियासत में एक तस्वीर ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (BMC) की राजनीति में तेजी से उभर रही ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन को अपने शुरुआती दौर में ही विवाद का सामना करना पड़ रहा है। M-ईस्ट वार्ड कमेटी की प्रेसिडेंट खैरुन्निसा अख्तर हुसैन के ऑफिस की एक तस्वीर ने पूरा राजनीतिक माहौल गरमा दिया।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
खैरुन्निसा हुसैन ने अपने ऑफिस में पार्टी चीफ असदुद्दीन औवेसी और उनके भाई अकबरुद्दीन औवेसी समेत अपने पति अकबर हुसैन की भी फोटो लगाई है, जोकि एक व्यापारी हैं और एक्सपोर्ट का बिजनेस करते हैं। जैसे ही ये मामला प्रकाश में आया तो हंगामा हो गया और बीजेपी ने इस पर कड़ा विरोध जताया।
बीजेपी ने क्या सवाल किया?
BJP ने सवाल किया कि सरकारी ऑफिस में एक एक्सपोर्टर की फोटो क्यों लगाई गई? बस यहीं से मामला राजनीतिक तूल पकड़ गया। विवाद बढ़ता देख AIMIM लीडरशिप हरकत में आई और खैरुन्निसा हुसैन को फोटो हटाने के निर्देश दिए गए। आदेश के बाद फोटो तुरंत हटा दी गई।
इस साल के चुनाव में देवनार-गोवंडी इलाके से AIMIM के 8 पार्षद जीतकर आए हैं और M-ईस्ट वार्ड कमेटी पर पार्टी का कब्जा हुआ है। लेकिन सत्ता के पहले ही चरण में उठा यह विवाद अब पार्टी के लिए इमेज मैनेजमेंट की चुनौती बन गया है।
हालही में चर्चा में थे ओवैसी
हालही में ओवैसी तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि ईरान के लोग इसका जवाब जरूर देंगे। उन्होंने कहा था कि "ईरान के नेता अयातुल्ला खामेनेई को मार दिया गया। ईरान के लोग इसका जवाब जरूर देंगे। जब जेनेवा में शांति वार्ता चल रही थी, तभी हमला किया गया। यह एक कायरतापूर्ण और अमानवीय हमला है। अगर यह युद्ध जारी रहा, तो तेल की कीमतें बढ़ेंगी, और यहां तक कि 1 डॉलर का फर्क भी भारत की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर डालेगा।'