महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड में क्राइम ब्रांच ने कुख्यात रावण गिरोह के 9 सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। जो शहर में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में डकैती की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। तभी एक मुखबिर ने इसकी जानकारी क्राइम ब्रांच के गुंडा स्क्वाड को दी। पुलिस ने जाल बिछाकर चीखली पाटील नगर इलाके से छापामारी करते हुए इन लोगों को हिरासत में लिया है।
Related Stories
दहशत फैलाने के लिए बनाता था लूट का वीडियो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिरुद्ध उर्फ विक्की राजू जाधव, अभिषेक उर्फ बकासुर चिमाजी पवार, यश उर्फ गोंदिया आकाश खंडागले, शुभम गोरखनाथ चौहान, प्रद्युम्न राजकुमार जवळगे समेत अन्य तीन नाबालिक बच्चों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि रावण गैंग लोगों से लूटपाट करता था और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करता था। ताकि समाज में दहशत फैलाया जा सके। शहर में आपराधिक वारदात को अंजाम देने वाले रावण गिरोह के इन सदस्यों के खिलाफ पुणे जिले के पुलिस थानों में दर्जनों आपराधिक मामले इससे पहले भी दर्ज हो चुके हैं।
बदमाशों के पास से कई चीजें बरामद
बताया जा रहा है कि शहर के एक बड़े ज्वेलरी शॉप में डकैती के वारदात को ये लोग अंजाम देने वाले थे। पुलिस ने इस मामले में एक स्विफ्ट और एक ऑडी कार समेत एक देशी पिस्तौल, जिंदा राउंड, गुप्ती, मिर्च पाउडर, लकड़ी के डंडे, रस्सी समेत कुल 15 लाख 26 हजार रुपए कीमत का सामान बरामद किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- समीर शेख