1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे: भक्तों के फोन में ऐप इंस्टाल करा जासूसी करता था भोंदूबाबा, यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार

पुणे: भक्तों के फोन में ऐप इंस्टाल करा जासूसी करता था भोंदूबाबा, यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 29, 2025 02:26 pm IST,  Updated : Jun 29, 2025 02:26 pm IST

भोंदूबाबा अपने भक्तों के फोन में ऐप इंस्टाल कर उनके बारे में जानकारियों जुटाता था और कहता था कि उसने काले जादू से सब पता किया है। काले जादू का डर दिखाकर वह महिलाओं का शोषण करता था और उन्हें चुप रहने के लिए कहता था।

bhondu baba- India TV Hindi
भक्तों के साथ भोंदूबाबा Image Source : INDIA TV

महाराष्ट्र के पुणे पुलिस ने जादूटोना करने के नाम पर महिलाओं से अश्लीलता और उनका शोषण करने वाले भोंदूबाबा को गिरफ्तार किया है। भोंदूबाबा की शिकायत एक पीड़ित ने पुलिस से की थी, जिसके बाद पुलिस ने इस भोंदूबाबा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार इस वारदात में बावधान पुलिस ने इलाके के सूस गांव में रहने वाले 29 वर्षीय प्रसाद दादा भीमराव तामदार नामक भोंदूबाबा को गिरफ्तार किया है, जो इसी जगह अपने घर में एक मंदिर बनाकर महिलाओं को भगवान के दर्शन करवाने के नाम पर यहां बुलाया करता था।

भक्त अपने भगवान के दर्शन करने के लिए बाबा के दरबार में आते थे। इस समय वह भक्तों को बताता था कि उन पर लघु ग्रह दोष है। इसके बाद उनके मोबाइल फोन में एक ऐप डाउनलोड कर देता था। इस ऐप के जरिए भोंदूबाबा भक्तों के फोन हैक कर लेता था और कई बार खुद ही उन्हें चलाता भी था।

मोबाइल फोन से मिलती थी जानकारी

भक्तों का मोबाइल फोन हैक कर बाबा उनके बारे में कई अहम जानकारियां जुटा लेता था। बाद में यही बातें भक्तों को बताता तो वह हैरान रह जाते थे। इसके बाद वह दावा करता था कि उसे काला जादू आता है और काले जादू के जरिए ही उनसे ये सारी जानकारी जुटाई है। भक्त जब उसके झांसे में आ जाते थे तो वह उनके साथ शारीरिक संबंध भी बनाता था और काले जादू के नाम पर धमकी देते हुए उन्हें चुप रहने के लिए कहता था।

भक्तों में था काला जादू का डर

भक्तों को डर था कि प्रसाद दादा भीमराव तामदार उर्फ भोंदू बाबा काला जादू जानते हैं। अगर किसी को उनके इस कृत्य के बारे में बताया तो वह उसका विनाश कर देंगे। इस डर से महिलाओं ने चुप्पी साध रखी थी, लेकिन भोंदू बाबा की तरफ से बार-बार होने वाली अश्लील हरकतों से तंग आकर एक भक्त ने पुलिस से शिकायत की। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने भोंदू बाबा प्रसाद दादा भीमराव तामदार को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू की है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

आरोपी बाबा के खिलाफ महिलाओं से छेड़खानी और अश्लील हरकत, जादू टोना करना और आईटी एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ-साथ पुलिस ने अब यह आव्हान भी किया है कि अगर इसी तरह से भोंदूबाबा प्रसाद दादा भीमराव तामदार ने और किसी भक्त को अपना शिकार बनाया है तो वह भी अपनी शिकायत पुलिस में दर्ज करा सकता है।

(पुणे से समीर शेख की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।