Tuesday, February 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'राहुल बाबा, आज मोदी का जादू देखिए', गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता पर किया कटाक्ष

'राहुल बाबा, आज मोदी का जादू देखिए', गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता पर किया कटाक्ष

Edited By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX Published : Feb 22, 2025 11:43 pm IST, Updated : Feb 22, 2025 11:43 pm IST

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत 20 लाख लाभार्थियों को एक दिन में स्वीकृति पत्र मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर उनके नकारात्मक बयानों के लिए कटाक्ष किया।

Amit Shah, Prime Minister Housing Scheme, PMAY, Maharashtra- India TV Hindi
Image Source : PTI केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया।

पुणे: केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री आवास योजना यानी कि PMAY के तहत एक ही दिन में 20 लाख लाभार्थियों को उनके स्वीकृति पत्र मिलने से इन परिवारों का अपना घर होने का लंबा समय का सपना पूरा हो गया है। शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे एवं अजित पवार की मौजूदगी में कहा कि यह एक दुर्लभ अवसर है, जब 20 लाख लाभार्थियों ने एक साथ अपने घर के मालिक होने की खुशी का अनुभव किया है। इस कार्यक्रम में योजना के तहत पहली किस्त भी 10 लाख लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई।

‘पहली कैबिनेट बैठक में ही दूसरे फेज को मंजूरी दे दी गई’

कार्यक्रम में शाह ने केंद्र सरकार की पहलों पर नकारात्मक बयानों के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया और उनसे कहा कि वे खुद ‘मोदी का जादू’ देखें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि NDA सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में आने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही PMAY के दूसरे फेज को मंजूरी दे दी गई। शाह ने कहा, ‘आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस योजना के तहत 20 लाख परिवारों को अपना पहला घर मिला है। हालांकि योजनाओं को लागू होने में समय लगता है, लेकिन फडणवीस सरकार ने सफलतापूर्वक सुनिश्चित किया है कि 20 लाख लाभार्थियों को PMAY के तहत घर मिले और 10 लाख लाभार्थियों को उनके बैंक खातों में पहली किस्त प्राप्त हुई।’

‘...तब राहुल बाबा ने इस योजना का मजाक उड़ाया था’

शाह ने कहा, ‘इस समय मुझे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की याद आ रही है। जब मोदी जी ने जनधन योजना शुरू की थी, तब राहुल बाबा ने इस योजना का मजाक उड़ाया था और पूछा था कि इन खातों में क्या जमा होगा। राहुल बाबा, आज मोदी का जादू देखिए। सिर्फ एक क्लिक से पहली किस्त लाभार्थियों के खातों में आसानी से अंतरित कर दी गई।’ उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री फडणवीस ने उन्हें फोन करके बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 20 लाख लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र मिलेंगे, तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से इन परिवारों का अपना घर पाने का लंबे समय का सपना साकार हुआ है।

‘2029 तक PMAY के तहत कुल 5 करोड़ घर बनाए जाएंगे’

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘अगर कोई ऐसा राज्य है, जिसने PMAY के तहत सबसे ज्यादा घर बनाए हैं, तो वह महाराष्ट्र है। आवास के अलावा, प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया है कि हर घर में शौचालय हो, जिससे उनके आत्मसम्मान की रक्षा हुई है। आवास के अलावा, लोगों को शौचालय, सौर ऊर्जा और गैस सिलेंडर तक पहुंच मिल रही है।’ केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 2029 तक इस योजना के तहत कुल 5 करोड़ घर बनाए जाएंगे, जिनमें से 3.80 करोड़ मकानों का आवंटन हो चुका है। शाह ने कहा, ‘मोदीजी ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। एक सच्चे विकसित राष्ट्र का मतलब है हर नागरिक की प्रगति।’

‘गृह मंत्री शाह ने महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद दिया’

शाह ने कहा, ‘जब एक परिवार को अपना घर, शौचालय, गैस सिलेंडर, 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा और प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज मिले, तो यही विकसित राष्ट्र की असली परिभाषा है।’ इस कार्यक्रम में बोलते हुए शाह ने महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद दिया कि उसने बीजेपी, शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना और अजित पवार की राकांपा से मिलकर बनी महायुति को विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दिलाई। शाह ने कहा, ‘आपके आशीर्वाद से महायुति सत्ता में आई और भाजपा-शिवसेना-NCP की सरकार बनी। ऐतिहासिक जनादेश देकर महाराष्ट्र की जनता ने यह स्पष्ट फैसला भी सुनाया कि कौन शिवसेना और कौन NCP असली है।’ (भाषा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement