1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. घर में Electric Bike की बैटरी में अचानक हुआ धमाका, 3 लोग घायल; मकान की छत और दीवार ढही

घर में Electric Bike की बैटरी में अचानक हुआ धमाका, 3 लोग घायल; मकान की छत और दीवार ढही

 Published : Mar 20, 2024 11:54 am IST,  Updated : Mar 20, 2024 12:09 pm IST

मंगलवार की रात हुए विस्फोट के कारण मकान की छत और पड़ोस के मकान से सटी दीवार ढह गई है। जिस घर में बैटरी में विस्फोट हुआ उसमें रहने वाली 28 वर्षीय महिला और पड़ोस के घर में रहने वाले 66 वर्षीय पुरुष और 56 साल की महिला घायल हो गई हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक घर में इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल की बैटरी में विस्फोट हो गया, जिसमें दो महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख यासीन तड़वी ने कहा कि मंगलवार की रात हुए विस्फोट के कारण मकान की छत और पड़ोस के मकान से सटी दीवार ढह गई है। कलवा इलाके के शांति नगर में एक चॉल में स्थित घर में यह बैटरी रखी थी।

विस्फोट में 3 लोग हुए घायल

अधिकारी ने बताया कि रात करीब 10.30 बजे बैटरी में विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इसे घर में चार्जिंग के लिए रखा गया था या नहीं। उन्होंने बताया कि जिस घर में बैटरी में विस्फोट हुआ उसमें रहने वाली 28 वर्षीय महिला और पड़ोस के घर में रहने वाले 66 वर्षीय पुरुष और 56 साल की महिला घायल हो गई हैं। सूचना मिलने के बाद स्थानीय दमकलकर्मी और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए तीनों पीड़ितों को कलवा में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने कहा कि बैटरी में हुए विस्फोट के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। (भाषा)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।