1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. हाई कोर्ट में क्लर्क भर्ती की दोबारा होगी परीक्षा, जज की गाड़ी रोकने के बाद HC का निर्देश; छात्रों का आंदोलन स्थगित

हाई कोर्ट में क्लर्क भर्ती की दोबारा होगी परीक्षा, जज की गाड़ी रोकने के बाद HC का निर्देश; छात्रों का आंदोलन स्थगित

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 17, 2026 07:59 am IST,  Updated : Aug 17, 2026 08:57 am IST

बॉम्बे हाई कोर्ट क्लर्क टाइपिंग स्किल टेस्ट में शामिल होने वाले उम्मीदवारों ने रविवार को कल्याण, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़, वाशिम, भंडारा और राज्य के अन्य हिस्सों में परीक्षा केंद्रों पर बड़े पैमाने पर तकनीकी खराबी का आरोप लगाया।

प्रदर्शन करते छात्र- India TV Hindi
प्रदर्शन करते छात्र Image Source : REPORTER

ठाणे: महाराष्ट्र में बॉम्बे हाई कोर्ट क्लर्क परीक्षा के दौरान टाइपिंग मशीन में तकनीकी खराबी के चलते परीक्षा समय पर शुरू नहीं होने से नाराज विद्यार्थियों का आंदोलन आखिरकार मुंबई हाईकोर्ट के निर्देश के बाद फिलहाल स्थगित हो गया। विद्यार्थियों की मांग के बाद सोर्नेट आईटीइस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने भी अपनी रिपोर्ट में तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं होने की बात स्वीकार की है।

दोबारा परीक्षा कराने की मांग को लेकर छात्रों ने रोक दी थी जज की कार

परीक्षा केंद्र पर कई घंटे तक मशीनें काम नहीं करने से संतप्त विद्यार्थियों ने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगते हुए जोरदार आंदोलन किया। इसी दौरान जिला सत्र न्यायालय के न्यायाधीश प्रवीण सय्यद की कार को भी विद्यार्थियों ने रोक दिया। विद्यार्थियों का आरोप है कि उन्हें न्यायाधीश से संवाद के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह पीछे के दरवाजे से निकलने का प्रयास कर रहे थे। इसके बाद आक्रोशित विद्यार्थी उनकी कार के सामने बैठ गए और कुछ विद्यार्थी कार के नीचे लेट गए।

विद्यार्थियों के अनुसार, बाद में उन्हें मुंबई हाईकोर्ट की ओर से लिखित निर्देश दिया गया कि तकनीकी कारणों से प्रभावित विद्यार्थियों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और किसी भी विद्यार्थी को अनुपस्थित नहीं माना जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों ने न्यायाधीश की कार को जाने दिया। इस दौरान कल्याण परिमंडल के जोन डीसीपी अतुल झेंडे और एसीपी अशोक होनमाने ने विद्यार्थियों को समझाकर स्थिति शांत की।

परीक्षा व्यवस्था और तकनीकी सिस्टम को दुरुस्त करें

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के शांतनु बिरोजे ने कहा कि सरकार को परीक्षा व्यवस्था और तकनीकी सिस्टम को दुरुस्त करना होगा। विद्यार्थियों को बार-बार परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर आंदोलन करने की नौबत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परीक्षा देने आए हैं, आंदोलन करने नहीं। सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि तकनीकी खामियों के कारण विद्यार्थियों का समय और भविष्य प्रभावित न हो।

कई परीक्षा केंद्रों पर आई तकनीकी खराबी

जानकारी के मुताबिक,  बॉम्बे हाई कोर्ट के क्लर्क टाइपिंग स्किल टेस्ट में शामिल होने वाले उम्मीदवारों ने रविवार को कल्याण, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़, वाशिम, भंडारा और राज्य के अन्य हिस्सों में परीक्षा केंद्रों पर बड़े पैमाने पर तकनीकी खराबी का आरोप लगाया। सर्वर फेल होने, कीबोर्ड खराब होने और टेस्ट के दौरान उम्मीदवारों के लॉग आउट होने जैसी समस्याओं के कारण कल्याण और छत्रपति संभाजीनगर में विरोध प्रदर्शन हुए।

'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने छत्रपति संभाजीनगर में विरोध कर रहे उम्मीदवारों का साथ दिया और दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। कल्याण के APMC मार्केट परीक्षा केंद्र के 600 से ज़्यादा उम्मीदवारों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने देर रात अपना विरोध तब खत्म किया जब कल्याण के अधिकारियों ने लिखित रूप में माना कि तकनीकी समस्याओं के कारण टेस्ट नहीं हो पाया और छात्र समय पर पहुंचे थे लेकिन परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।  

कल्याण से सुनील शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः UGC-NET के तीन पेपर की फिर होगी परीक्षा, NTA ने जारी की नई तारीख और टाइम टेबल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।