1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'रोज करें रामरक्षा का पाठ, तभी होगा भला', सीएम फडणवीस की उद्धव को नसीहत

'रोज करें रामरक्षा का पाठ, तभी होगा भला', सीएम फडणवीस की उद्धव को नसीहत

 Reported By: Sachin Chaudhary,  Saket Rai Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 05, 2026 07:12 pm IST,  Updated : Jul 05, 2026 07:21 pm IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने उद्धव ठाकरे के 'रामरक्षा आंदोलन' पर कड़ा तंज कसा और कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि आखिरकार उद्धव ठाकरे को भगवान राम की याद आई है।

devendra fadnavis, Uddhav Thackeray- India TV Hindi
देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे Image Source : REPORTER INPUT

चंद्रपुर: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर सियासत तेज हो गई है। शिवसेना यूबीटी के उद्धव ठाकरे चंदा चोरी को लेकर राम रक्षा पाठ का आयोजन कर रहे हैं। मुंबई के दादर इलाके में स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर उन्होंने राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर दी है। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वे राम का मार्ग अपनाएंगे और जो रामरक्षा का पाठ करेंगे तो उनका भला होगा।

पैतृक गांव के कार्यक्रम में शामिल हुए फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रविवार को चंद्रपुर जिले के अपने पैतृक गांव मूल में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। राम मंदिर दान चोरी मामले को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा राज्यव्यापी रामरक्षा आंदोलन की घोषणा किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

उद्धव ठाकरे ने राम का मार्ग छोड़ दिया था-फडणवीस

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि आखिरकार उद्धव ठाकरे को भगवान राम की याद आई। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने राम का मार्ग छोड़ दिया था इसलिए उनके पार्टी की अधोगति हुई यदि वे अब राम के मार्ग पर चलेंगे तो निश्चित रूप से उनका भला होगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी अपेक्षा है कि उद्धव ठाकरे केवल आज ही नहीं बल्कि प्रतिदिन रामरक्षा का पाठ करें।

उद्धव ने 'राम रक्षा' आंदोलन शुरू किया

उद्धव ठाकरे ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के खिलाफ 'राम रक्षा' आंदोलन शुरू किया। इस मौके पर उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उद्धव ने मध्य मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर में 'हनुमान स्तोत्र' और 'हनुमान चालीसा' का पाठ किया। उन्होंने मंदिर के बाहर एक रैली को संबोधित करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। 

लूट मचाने वालों को हिंदू नहीं बख्शेंगे

भगवा रंग का कुर्ता पहने उद्धव ने कहा कि अगर कोई हिंदुत्व का गलत इस्तेमाल करके मंदिर को लूटता है, तो हिंदू उसे नहीं बख्शेंगे। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख ने 'अयोध्या तो झांकी है, काशी-मथुरा अभी बाकी हैं" के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की चिंता है कि काशी और मथुरा में क्या होगा। उद्धव ने कहा, "हम निडर, मासूम और देश से प्यार करने वाले हिंदू हैं, लेकिन मूर्ख नहीं।" 

उन्होंने कहा कि शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने हिंदुओं को जगाया था, लेकिन आज उन्हें सम्मोहित किया जा रहा है। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सात जून को सामने आया। मामले की पड़ताल के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को FIR दर्ज की गई। इस मामले में मंदिर में चढ़ावे की सुरक्षा और गिनती की प्रक्रिया में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

ये भी पढ़ें:

'दोषी चाहे कितना भी बड़ा हो, उसे सख्त सजा मिले', राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बोले कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ी खबर, चंपत राय से दोबारा पूछताछ कर सकती है SIT
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।