1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: जिस बेटे को मान चुके थे मृत, 3 महीने बाद जंगल में मिला जिंदा; वीडियो कॉल पर देख रो पड़ा परिवार

VIDEO: जिस बेटे को मान चुके थे मृत, 3 महीने बाद जंगल में मिला जिंदा; वीडियो कॉल पर देख रो पड़ा परिवार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 19, 2025 02:34 pm IST,  Updated : Oct 19, 2025 02:37 pm IST

बिहार का रहने वाला एक युवक पिछले तीन महीने से लापता था। वाशिम के मानोरा वन विभाग के कर्मचारियों को जंगल में वो अकेला और भटकता हुआ दिखाई दिया।

जंगल में मिला बिहार का युवक- India TV Hindi
जंगल में मिला बिहार का युवक Image Source : REPORTER

महाराष्ट्र के वाशिम जिले के कारंजा शहर पुलिस स्टेशन से शनिवार को मानवता और संवेदनशीलता की एक मिसाल पेश करने वाला मामला सामने आया। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार के तीन महीने के शोक को खुशियों में बदल दिया, बल्कि यह भी साबित किया कि पुलिस सिर्फ कानून की नहीं, बल्कि दिलों की भी रखवाली करती है।

लापता था बिहार का युवक

दरअसल, बिहार के बत्तीसअमरा जिले के बजरंग चौक का रहने वाला जयपाल नाम का एक युवक पिछले तीन महीने से लापता था। परिवार ने उसे हर जगह तलाश किया, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने उम्मीद खो दी और मान लिया कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। परिवार गहरे सदमे और शोक में डूब गया।

जंगल में भटक रहा था युवक

लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। वाशिम के मानोरा वन विभाग के कर्मचारियों को जंगल में एक युवक अकेला और भटकता हुआ दिखाई दिया। सवाल पूछने पर उसने अपना नाम जयपाल बताया। वन विभाग के कर्मचारियों ने बिना देर किए इसकी सूचना पुलिस को दी और युवक को कारंजा शहर पुलिस स्टेशन लाया गया।

कांस्टेबल की सूझबूझ लाई रंग 

पुलिस स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल विजय गंगावणे ने जयपाल की बातों को धैर्यपूर्वक सुना और उसकी अस्पष्ट बातों से उसके गांव का नाम समझा। केवल गांव के नाम के सहारे कांस्टेबल गंगावणे ने गूगल मैप और पान शॉप के बोर्ड पर लिखे मोबाइल नंबर से संपर्क साधा और आखिरकार जयपाल के परिवार तक खबर पहुंच गई।

वीडियो कॉल पर छलके खुशी के आंसू

जैसे ही पुलिस टीम ने वीडियो कॉल पर जयपाल को उसके माता-पिता से मिलवाया, स्क्रीन के दोनों तरफ भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। तीन महीने पहले जिस बेटे को वे मृत मान चुके थे, उसे अपनी आंखों के सामने जिंदा देखकर माता-पिता की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।

सुरक्षित घर वापसी

इसके बाद, इंस्पेक्टर शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस टीम और स्थानीय नागरिक सलमान मेमन ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। तमाम सहयोग और संवेदनशीलता के साथ जयपाल को सुरक्षित बिहार रवाना कर दिया गया।

(रिपोर्ट- इमरान खान)

ये भी पढ़ें-

दिवाली से पहले जहरीली हुई दिल्ली-NCR की हवा, कई इलाकों में AQI 400 पार; देखें कहां कैसे हैं हालात?

कांग्रेस के बाद अब RJD में भी बगावत! स्मिता पूर्वे को मिला परिहार से RJD का सिंबल, रितु जायसवाल नाराज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।