1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. असम से अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- 'कांग्रेस ने नहीं कायम होने दी शांति'

असम से अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- 'कांग्रेस ने नहीं कायम होने दी शांति'

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 15, 2025 02:43 pm IST,  Updated : Mar 15, 2025 02:43 pm IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन के पूर्वोत्तर राज्यों के दौरे पर हैं। इस दौरान वह असम और मिजोरम राज्यों का दौरा करेंगे। इसी क्रम में असम पहुंचने के बाद शनिवार को उन्होंने नवीनीकृत पुलिस अकादमी के पहले चरण का उद्घाटन किया।

अमित शाह ने नवीनीकृत पुलिस अकादमी के पहले चरण का किया उद्घाटन।- India TV Hindi
अमित शाह ने नवीनीकृत पुलिस अकादमी के पहले चरण का किया उद्घाटन। Image Source : AMIT SHAH/X

डेरगांव: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोलाघाट जिले के डेरगांव में नवीनीकृत पुलिस अकादमी के पहले चरण का शनिवार को उद्घाटन किया। इस मौके पर अमित शाह ने अगले चरण की आधारशिला भी रखी। उद्घाटन के बाद असम के डीजीपी हरमीत सिंह ने अमित शाह को ‘लचित बरफुकन पुलिस अकादमी’ में स्थित अन्य केन्द्रों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने भवन का दौरा किया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने गृह मंत्री के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल समेत अन्य लोग भी थे। 

दो चरणों में पूरा होगा काम

बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम और मिजोरम के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम को डेरगांव पहुंचे थे। अधिकारियों ने बताया कि 340 एकड़ में फैली ‘लचित बरफुकन पुलिस अकादमी’ का दो चरणों में 1,024 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नवीनीकरण किया जा रहा है। प्रथम चरण में 167.4 करोड़ रुपये की लागत से किए गए नवीनीकरण के काम में पांच मंजिला भवन का भी कायाकल्प किया गया है। इसमें स्मार्ट कक्षाएं, वेपन स्टिमुलेटर, अनुसंधान प्रयोगशालाएं और प्रशासनिक कार्यालय, एक संग्रहालय तथा एक आधुनिक परेड ग्राउंड शामिल हैं। 

आवासीय ढांचे का भी किया जाएगा निर्माण

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह आधुनिक बुनियादी ढांचा प्रशिक्षुओं को पुलिस प्रशिक्षण के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराएगा।’’ अधिकारी ने बताया कि पहले चरण के तहत एक संग्रहालय और एक आधुनिक परेड ग्राउंड का भी निर्माण किया गया है। दूसरे चरण में 425.48 करोड़ रुपये की लागत से अकादमी में आवासीय बुनियादी ढांचे का विकास प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इसमें 240 परिवारों के लिए आवासीय क्वार्टर, 312 अधिकारियों-कर्मियों और 2,640 प्रशिक्षुओं के लिए छात्रावास उपलब्ध कराए जाएंगे। 

अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

वहीं इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने असम में शांति कायम नहीं होने दी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे बहाल किया। इसके साथ ही बुनियादी ढांचे का विकास किया और पूर्वोत्तर राज्य के युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों के दौरान असम में 10,000 से अधिक युवा हथियार डालकर मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं और राज्य में शांति लौट आई है।’’ अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी नीत सरकार असम में हाल ही में आयोजित व्यावसायिक सम्मेलन में प्रस्तावित पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश के अलावा तीन लाख करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाएं लाएगी। 

अब लोगों की मदद करती है पुलिस

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘असम में पुलिस पहले आतंकवादियों से लड़ने के लिए थी, लेकिन अब यह लोगों की मदद के लिए है और इसके कारण पिछले तीन वर्षों में दोषसिद्धि दर पांच प्रतिशत से बढ़कर 25 प्रतिशत हो गई है। यह जल्द ही राष्ट्रीय औसत को पार कर जाएगी।’’ असम और मिजोरम के तीन दिवसीय दौरे पर आए शाह ने यह भी कहा कि लचित बरफुकन पुलिस अकादमी अगले पांच वर्ष में शीर्ष अकादमी बन जाएगी, जिसमें विभिन्न चरणों में कुल 1,050 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

मुंगेर में ASI की हत्या के बाद एक्शन में पुलिस, एनकाउंटर में मुख्य आरोपी को लगी गोली

'हिंदी का विरोध करते हैं और फिल्में डब करके मुनाफा कमाते हैं', तमिल नेताओं पर भड़के पवन कल्याण

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Assam से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट