मणिपुर के बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में सुरक्षा बलों ने दो प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े एक "किशोर" समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि प्रतिबंधित कांगलीपक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को शनिवार को बिष्णुपुर के मोइरांग ओक्शोंगबंग से गिरफ्तार किया गया, जबकि केसीपी (एमसी प्रोग्रेसिव) के सक्रिय सदस्य एक "किशोर" को जिले के नाम्बोल बाजार से पकड़ा गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) का एक सक्रिय कार्यकर्ता बिष्णुपुर के निंगथौखोंग से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि काकचिंग जिले के हियांगलाम में सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान के दौरान यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपक (यूपीपीके) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। इस बीच, अधिकारी ने बताया कि शनिवार को जिरीबाम जिले में एक अन्य तलाश अभियान के दौरान पुलिस ने कई आग्नेयास्त्र बरामद किए।
शुक्रवार को भी पकड़ाए थे चार उग्रवादी
सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को भी बिष्णुपुर, थौबल और इंफाल पूर्व जिलों से दो प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित संगठन ‘यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट’ (यूएनएलएफ-पाम्बेई) के दो सदस्यों को 47 वर्षीय व्यक्ति के अपहरण में संलिप्तता के आरोप में बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल से गिरफ्तार किया गया। इंफाल पश्चिम जिले के ‘पटसोई पार्ट-4’ निवासी लैटोनजम दिलीप सिंह (47) को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उसके घर से अगवा किया था और इसकी सूचना मिलने पर घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया गया।
अपहरण का आरोपी भी पकड़ाया
पुलिस ने कहा, ‘‘ उक्त व्यक्ति के अपहरण में शामिल यूएनएलएफ (पी) के दो सदस्यों को एक घर से गिरफ्तार कर लिया गया और अपहृत व्यक्ति को बचा लिया गया।’’ उसने बताया कि सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को थौबल जिले के खोंगजोम खेबाचिंग क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन ‘कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी’ (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किया गया उग्रवादी थौबल जिले के खोंगजोम इलाके में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था। उसके कब्जे से एक एम20 पिस्तौल, एक मैगजीन और दो कारतूस बरामद किए गए।
पिस्तौल सहित कई हथियार बरामद
सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के खुरई कोंगपाल से संगठन के एक अन्य सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उसके कब्जे से नौ एमएम की एक पिस्तौल, एक मैगजीन और छह कारतूस भी बरामद किए गए। इस बीच, सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को बिष्णुपुर जिले के लाईसोई पहाड़ी इलाके में तलाश अभियान के दौरान चार आग्नेयास्त्र और गोला-बारूद जब्त किया। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान एक खाली मैगजीन के साथ एक एसएलआर राइफल, कार्बाइन मशीन गन, एक 303 राइफल, डबल बैरल बंदूक, 48 गोलियां, दो ग्रेनेड, दो बुलेट प्रूफ जैकेट और अन्य सामान जब्त किया गया।
(इनपुट- पीटीआई भाषा)