1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. मणिपुर
  4. 'आतंकवादियों से माफी क्यों मांगूं?', CM के बयान पर सियासत; बोले- अशांति फैलाने वाले कर रहे राजनीति

'आतंकवादियों से माफी क्यों मांगूं?', CM के बयान पर सियासत; बोले- अशांति फैलाने वाले कर रहे राजनीति

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 03, 2025 02:35 pm IST,  Updated : Jan 03, 2025 02:35 pm IST

मणिपुर में जारी जातीय हिंसा पर सीएम एन बीरेन सिंह ने एक बार फिर बयान दिया है। सीएम ने कहा कि मैं आतंकवादियों से माफी क्यों मांगूं? मैं निर्दोष लोगों और अपने घरों से विस्थापित लोगों से माफी मांग रहा हूं।

बयान पर हो रही राजनीति पर बोले सीएम एन बीरेन सिंह।- India TV Hindi
बयान पर हो रही राजनीति पर बोले सीएम एन बीरेन सिंह। Image Source : PTI/FILE

इंफाल: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपने बयान को लेकर हो रही राजनीति का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 20 महीने से जारी जातीय संघर्ष को लेकर उनके माफी मांगने पर राजनीति करने वाले लोग पूर्वोत्तर राज्य में अशांति पैदा करना चाहते हैं। उनकी सरकार की प्राथमिकता शांति बहाल करना है। सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा, ‘‘अतीत बीत चुका है।’’ उन्होंने समुदायों से एक साथ बैठकर मई 2023 से पूर्वोत्तर राज्य में जारी संघर्ष का स्थायी समाधान खोजने की अपील की। 

पीड़ित परिवारों से मांगी माफी

एन बीरेन सिंह ने कहा, ‘‘मेरे बयान को लेकर राजनीति करने वाले लोग अशांति फैलाना चाहते हैं। विपक्ष की कोई विचारधारा नहीं है। मैंने जो कहा, वह दुख और पीड़ा की अभिव्यक्ति थी। मैंने उन लोगों से माफी मांगी जो पीड़ित हैं और जिन्होंने अपने प्रियजन को खो दिया है। मैं आतंकवादियों से माफी क्यों मांगूं? मैं निर्दोष लोगों और अपने घरों से विस्थापित लोगों से माफी मांग रहा हूं।’’ बता दें कि मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राज्य में हुए जातीय संघर्ष के लिए मंगलवार को माफी मांगी थी। इन संघर्षों में 250 से अधिक लोगों की जान चली गई है और हजारों लोग बेघर हुए हैं। 

नए सिरे से शुरू करें जीवन

सीएम एन बीरेन सिंह ने सभी समुदायों से पुरानी गलतियों को भूलकर माफ करने तथा नए सिरे से शुरुआत करने की अपील की थी। उन्होंने कहा, “राज्य में जो कुछ हुआ, उसके लिए मैं खेद व्यक्त करना चाहता हूं। कई लोगों ने अपने प्रियजन को खो दिया और कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। मुझे खेद है और मैं माफी मांगना चाहता हूं, लेकिन पिछले तीन से चार महीनों में अपेक्षाकृत शांति देखने के बाद मुझे उम्मीद है कि आने वाले वर्ष में सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।” उन्होंने कहा, ‘‘जो कुछ भी हुआ, सो हुआ। मैं सभी समुदायों से अपील करना चाहता हूं कि वे पिछली गलतियों को माफ करें और भूल जाएं तथा शांतिपूर्ण व समृद्ध मणिपुर में एक साथ रहकर नए सिरे से जीवन शुरू करें।” (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

बदमाशों ने पीट-पीटकर की शख्स की हत्या, Insta पर लाइव आकर की मारपीट

बड़ी बेटी से ज्यादा प्यार करती थी मां, तो छोटी ने चाकू घोंपकर की हत्या; फिर खुद पहुंची पुलिस स्टेशन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Manipur से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट