नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी अगले 1 से डेढ़ साल के दौरान 4 नई कारें लॉन्च करेगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कंपनी ने अपनी ग्रोथ को बनाए रखने और बाजार पर अपनी पकड़ और भी मजबूत करने के लिए यह फैसला किया है। कंपनी ने उम्मीद जताई है कि मौजूदा वित्तवर्ष 2017-18 में भी डबल डिजिट ग्रोथ बनी रहेगी, पिछले 5 साल से मारुति डबल डिजिट ग्रोथ के साथ आगे बढ़ रही है।
Related Stories
2017-18 के पहले 9 महीने में भी मारुति ने 2016-17 की समान अवधि के मुकाबले 15.5 प्रतिशत ज्यादा गाड़ियों की बिक्री की है। अप्रैल से दिसंबर 2017 के दौरान कंपनी ने कुल 12,26,418 गाड़ियों की सेल की है जबकि 2016-17 के पहले 9 महीने में कंपनी ने 10,61,876 गाड़ियों की सेल की थी।
9-14 फरवरी के दौरान एनसीआर में होने वाले ऑटो एक्सपो के दौरान मारुति अपनी स्विफ्ट के नए वर्जन को लॉन्च करने जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अगले कुछ महीनों में मारुति अपने लोकप्रिय मॉडल Wagon R, Ertiga और Ciaz के भी नए वर्जन लॉन्च करेगी। मारुति के कार्यकारी निदेशक आर एस कल्सी से जब नई कारों और पुरानी कारों के नए वर्जन के लॉन्च के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और कौन सी कार पहले लॉन्च होने जा रही है इसपर अभी टिप्पणी नहीं कर सकते।