1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. 2 दिन में खराब हो गया ओला स्कूटर, ग्राहक ने केस जीता, कंपनी को 6% ब्याज के साथ लौटाने होंगे पूरे पैसे या देना होगा नया स्कूटर

2 दिन में खराब हो गया ओला स्कूटर, ग्राहक ने केस जीता, कंपनी को 6% ब्याज के साथ लौटाने होंगे पूरे पैसे या देना होगा नया स्कूटर

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 29, 2026 12:33 pm IST,  Updated : Mar 29, 2026 12:33 pm IST

आयोग ने कहा कि मामले को देखने पर पता चलता है कि ग्राहक को बेचा गया स्कूटर सही कंडीशन में नहीं था और इसमें कई तरह की खामियां थीं।

ola electric, ola scooter, ola electric scooter, ola, consumer court, District Consumer Disputes Red- India TV Hindi
ओला स्कूटर (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : OLA ELECTRIC

ओला इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आने वाली समस्याएं अब पूरी तरह से जग-जाहिर हो चुकी हैं। ओला के इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वाले ग्राहक अलग-अलग समस्याओं को लेकर शिकायतें करते रहते हैं। इसी बीच, ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर को लेकर एक नई खबर आई है। ठाणे के एक उपभोक्ता आयोग ने ओला इलेक्ट्रिक को खराब इलेक्ट्रिक स्कूटर बदलने या ग्राहक को पूरे पैसे लौटाने का निर्देश दिया है। आयोग ने कहा कि ये कंपनी की ओर से 'गंभीर खामी' का मामला है। जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (अतिरिक्त ठाणे) ने हाल ही के एक आदेश में कहा कि बेंगलुरू की ये विनिर्माता कंपनी 'अनुचित व्यापार व्यवहार' में शामिल है।

आयोग ने ग्राहक के पक्ष में सुनाया फैसला

आयोग ने कहा कि मामले को देखने पर पता चलता है कि ग्राहक को बेचा गया स्कूटर सही कंडीशन में नहीं था और इसमें कई तरह की खामियां थीं। आयोग ने कहा, ''शिकायत करने वाले को सही सर्विस देकर समस्याओं को ठीक करना बहुत जरूरी था। सर्विस को लेकर जरूरी जानकारी नहीं देना और स्कूटर की खराबी को दूर नहीं करना 'खामी' का मामला है।'' शिकायत करने वाले नवी मुंबई के एक वकील ने जुलाई, 2024 में 96,997 रुपये में ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, डिलिवरी के सिर्फ दो दिन बाद ही स्कूटर में 'एक्सेलरेशन' से जुड़ी दिक्कतें आने लगीं और चलते ट्रैफिक में उनका स्कूटर कई बार रुक गया।

कंपनी को ब्याज के साथ देने होंगे पूरे पैसे या नया स्कूटर

ग्राहक ने बताया कि 29 अगस्त, 2024 को सिर्फ 500 मीटर के अंदर बैटरी का लेवल 21 प्रतिशत से घटकर सीधे 3 प्रतिशत पर आ गया। जब कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्राहक ने कंपनी के खिलाफ सेवा में खामी को लेकर आयोग में अपील की। आयोग ने कहा कि बैटरी जल्दी खत्म होना और पहली बार इस्तेमाल में ही गाड़ी में आई दूसरी दिक्कतों से पता चलता है कि ये स्कूटर शुरू से ही खराब था। आयोग ने ओला इलेक्ट्रिक को ग्राहक को उसी खूबियां वाला दूसरा स्कूटर देने का निर्देश दिया है। अगर कंपनी ऐसा नहीं करती है, तो उसे 96,997 रुपये की पूरी कीमत 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ वापस करनी होगी।

पीटीआई इनपुट्स के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा