1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. TCS का मुनाफा 15% बढ़ा, ₹73188 करोड़ की कमाई; कंपनी ने ₹12 प्रति शेयर डिविडेंड का किया ऐलान

TCS का मुनाफा 15% बढ़ा, ₹73188 करोड़ की कमाई; कंपनी ने ₹12 प्रति शेयर डिविडेंड का किया ऐलान

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 08, 2026 05:05 pm IST,  Updated : Oct 08, 2026 05:05 pm IST

TCS ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार मुनाफा दर्ज किया है। हालांकि, ऑपरेटिंग मार्जिन के मोर्चे पर प्रदर्शन बाजार की उम्मीदों से थोड़ा कमजोर रहा। नतीजों के साथ कंपनी ने शेयरधारकों के लिए ₹12 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है।

TCS का मुनाफा बढ़ा- India TV Hindi
TCS का मुनाफा बढ़ा Image Source : ANI

TCS Q2 Results 2026: देश की दिग्गज IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। सितंबर तिमाही में कंपनी ने मुनाफे और कमाई दोनों में बढ़त दर्ज की है। TCS का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15 फीसदी बढ़कर ₹13,884 करोड़ पहुंच गया। वहीं, कंपनी की आय भी 11.22 फीसदी बढ़कर ₹73,188 करोड़ हो गई। नतीजों के साथ ही कंपनी ने शेयरधारकों के लिए ₹12 प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है।

मुनाफा बढ़कर ₹13,884 करोड़ हुआ

टीसीएस ने बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा ₹13,884 करोड़ रहा। पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में इसमें 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह है कि कंपनी का मुनाफा बाजार के अनुमान से भी बेहतर रहा। बाजार को सितंबर तिमाही में TCS का मुनाफा करीब ₹13,788 करोड़ रहने की उम्मीद थी। कंपनी के बेहतर मुनाफे से निवेशकों का ध्यान TCS के शेयर पर भी रहेगा। हालांकि, कंपनी के कुछ ऑपरेशनल आंकड़े बाजार की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे नहीं उतरे।

₹73,188 करोड़ की हुई कमाई

सितंबर तिमाही में TCS का रेवेन्यू 11.22 फीसदी बढ़कर ₹73,188 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी की आय ₹65,799 करोड़ थी। इस बार कंपनी का रेवेन्यू बाजार के अनुमान ₹73,026 करोड़ से ज्यादा रहा। हालांकि, ऑपरेटिंग प्रॉफिट के मामले में कंपनी उम्मीद से पीछे रही। सितंबर तिमाही में TCS का EBIT यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट ₹17,553 करोड़ रहा, जबकि बाजार का अनुमान ₹17,805 करोड़ का था।

शेयरधारकों को मिलेगा ₹12 का डिविडेंड

TCS के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹1 फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹12 का दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। यानी जिन निवेशकों के पास रिकॉर्ड डेट पर TCS के शेयर होंगे, उन्हें हर शेयर पर ₹12 का डिविडेंड मिलेगा। कंपनी ने इसके लिए 14 अक्टूबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। डिविडेंड का भुगतान 30 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इससे पहले जुलाई 2026 में भी TCS ने ₹12 प्रति शेयर का पहला अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था।

5.98 लाख से ज्यादा कर्मचारी

कंपनी के कर्मचारियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। सितंबर तिमाही के अंत तक TCS के कुल कर्मचारियों की संख्या 5.98 लाख से ज्यादा हो गई। कंपनी कर्मचारियों की ट्रेनिंग और नई स्किल्स विकसित करने पर भी जोर दे रही है। तिमाही के दौरान कर्मचारियों के लर्निंग आवर्स 17 फीसदी बढ़कर 1.71 करोड़ घंटे हो गए। कंपनी का कहना है कि बदलती तकनीक और कारोबारी जरूरतों के हिसाब से कर्मचारियों को तैयार करने पर लगातार निवेश किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- TCS में क्यों लौटी नौकरियों की बहार, भर्ती किए 9000 से ज्यादा नए कर्मचारी, किन स्किल्स पर रहा फोकस?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।

TCS