1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. भारत में निसान की हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी रेनो, जानें मैग्नाइट, X-Trail का क्या होगा?

भारत में निसान की हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी रेनो, जानें मैग्नाइट, X-Trail का क्या होगा?

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Mar 31, 2025 06:01 pm IST,  Updated : Mar 31, 2025 06:01 pm IST

रेनो समूह निसान के पास वर्तमान में मौजूद 51 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करके रेनो निसान ऑटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का 100 प्रतिशत स्वामित्व हासिल कर लेगा।

Nissan-Renault- India TV Hindi
निसान-रेनो Image Source : FILE

फ्रांसीसी वाहन कंपनी रेनो ने सोमवार को कहा कि वह अपने भारतीय संयुक्त उद्यम में अपने जापानी साझेदार निसान की हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। कंपनी ने बयान में कहा कि रेनो समूह निसान के पास वर्तमान में मौजूद 51 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करके रेनो निसान ऑटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (आरएनएआईपीएल) का 100 प्रतिशत स्वामित्व हासिल कर लेगा। हालांकि, कंपनी ने इस हिस्सेदारी अधिग्रहण से संबंधित वित्तीय विवरण का खुलासा नहीं किया। रेनो समूह और निसान ने इस आशय का एक शेयर खरीद समझौता किया है। इस समझौते में रेनो समूह और निसान के बीच मौजूदा प्रोजेक्ट जारी रखने और भारत में दोनों कंपनियों के भावी संबंधों को परिभाषित करने के लिए एक परिचालन समझौता भी शामिल है। बयान के मुताबिक, निसान आने वाले वर्षों में भारत के लिए वाहनों के निर्माण एवं निर्यात के लिए आरएनएआईपीएल का उपयोग करना जारी रखेगी। कंपनी ने कहा कि आरएनएआईपीएल नई मैग्नाइट, X-Trail  समेत निसान के नए मॉडल का उत्पादन जारी रखेगी। 

भविष्य की विस्तार योजनाओं के लिए यह कदम 

यह कंपनी की भविष्य की विस्तार योजनाओं के लिए एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में काम करेगा। इस समझौते के मुताबिक, रेनो समूह और निसान संयुक्त रूप से काम करना आगे भी जारी रखेंगे। समझौते के तहत रेनो समूह इलेक्ट्रिक वाहन ब्रांड एम्पीयर के माध्यम से 2026 से निसान के लिए एक वाहन का विकास एवं उत्पादन करेगा। इस मॉडल को निसान द्वारा डिजाइन किया जाएगा। रेनो समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लुका डी मेओ ने बयान में कहा कि दोनों पक्षों के लिए लाभदायक यह मसौदा समझौता नए गठबंधन की चुस्त और कुशल मानसिकता को दर्शाता है। यह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हमारा कारोबार को बढ़ाने की महत्वाकांक्षा की भी पुष्टि करता है।

नए एसयूवी मॉडल लाएंगे 

बयान के मुताबिक, लेनदेन पूरा होने के बाद आरएनएआईपीएल को रेनो समूह के एकीकृत वित्तीय विवरणों में 100 प्रतिशत पर समायोजित किया जाएगा। निसान के आगामी अध्यक्ष एवं सीईओ इवान एस्पिनोसा ने कहा ​कि भारत हमारे शोध एवं विकास, डिजिटल और अन्य ज्ञान-आधारित सेवाओं के लिए एक केंद्र बना रहेगा। भारतीय बाजार में नए एसयूवी मॉडल लाने की हमारी योजनाएं कायम हैं और हम भारत के लिए बने वाहनों का अन्य बाजारों में निर्यात भी जारी रखेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा