1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. खुशखबरी, BankBazaar करेगा मार्च तक 500 लोगों की भर्ती,जनवरी से कर्मचारियों के वेतन में होगी वृद्धि

खुशखबरी, BankBazaar करेगा मार्च तक 500 लोगों की भर्ती,जनवरी से कर्मचारियों के वेतन में होगी वृद्धि

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 12, 2020 08:24 am IST,  Updated : Nov 12, 2020 08:24 am IST

कंपनी ने बताया कि नई नौकरियां चेन्नई, बेंगलुरु और मुंबई में दी जाएंगी। ये पद मुख्य रूप से ग्राहक सहायता के साथ ही इंजीनियरिंग इत्यादि के लिए होंगे।

BankBazaar to hire 500 people by March, roll out salary hikes from Jan- India TV Hindi
BankBazaar to hire 500 people by March, roll out salary hikes from Jan Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्‍ली। बैंकबाजार डॉट कॉम ने बुधवार को कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 चुनौतियों के बावजूद फिनटेक कंपनियों के लिए तेजी का साल है और वह कारोबार में बढ़ोतरी के मद्देनजर अगले कुछ महीनों के दौरान 500 से अधिक लोगों को नौकरी देगी। इसके साथ ही कंपनी एक जनवरी 2021 से सभी स्तरों पर वेतन वृद्धि और पदोन्नति भी करेगी। बैंक बाजार ने एक बयान में कहा कि वह ऋण तक संपर्क रहित पहुंच की पेशकश के लिए डिजिटल रूप से अपने ग्राहक को जानने (केवाईसी) की प्रक्रिया को बढ़ावा देगी।

कंपनी ने बताया कि नई नौकरियां चेन्नई, बेंगलुरु और मुंबई में दी जाएंगी। ये पद मुख्य रूप से ग्राहक सहायता के साथ ही इंजीनियरिंग इत्यादि के लिए होंगे। वर्तमान में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या करीब 1,000 है। बैंक बाजार के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल शेट्टी ने कहा कि पिछले सात महीनों में कंपनी का प्रदर्शन उसकी प्रौद्योगिकी ताकत और संपर्क रहित ऋण देने की क्षमता को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि कंपनी को डिजिटल विकल्पों की मांग बढ़ने की उम्मीद है और इसके लिए एक अधिक बड़ी और विविधता भरी टीम तैयार की जा रही है।

बैंक बाजार के पास वर्तमान में लगभग 1000 कर्मचारी हैं। कंपनी ने कहा कि महामारी के कारण उत्‍पन्‍न व्‍यवधान के बावजूद बैंक बाजार ने पिछले छह माह में लगातार राजस्‍व वृद्धि के साथ अच्‍छी वृद्धि हासिल की है। इस उपलब्धि को बिना कोई अतिरिक्‍त लागत कटौती या कर्मचारियों की छंटनी के हासिल किया गया है। वित्‍त वर्ष 2019-20 में कंपनी का परिचालन राजस्‍व 80.2 करोड़ रुपए रहा था। नई भर्ती के अलावा कंपनी ने 1 जनवरी,2021 से सभी स्‍तरों पर वेतन वृद्धि और प्रमोशन की भी घोषणा की है।

बैंक बाजार ने वित्‍त वर्ष 2019-20 में पात्र कर्मचारियों को बोनस भी दिया था। बैंक बाजार के चीफ एचआर ऑफि‍सर वी श्रीराम ने कहा कि भर्ती को लेकर हम सकारात्‍मक हैं और ऐसे पेशेवरों का स्‍वागत करने के लिए रोमांचित हैं जो सांस्‍कृतिक और तकनीकी रूप से हमारे संगठन के उच्‍च वृद्धि लक्ष्‍यों को हासिल करने के लिए एकदम सही हैं।

बैंक बाजार में सामान्‍य रूप से अप्रैल-मार्च अवधि में वेतन वृद्धि होती है लेकिन इस साल महामारी जनित लॉकडाउन की वजह पूरे देश में उसके कारोबार पर भी असर पड़ा और कंपनी ने इस साल वेतनवृद्धि को टाल दिया। कंपनी द्वारा औसत वेतनृद्धि 8 प्रतिशत दी जाती है। सीताराम ने कहा कि इस बार वेतनवृद्धि सभी कर्मचारियों को दी जाएगी। वित्‍त वर्ष 2019-20 में जो कर्मचारी वेतन वृद्धि के लिए पात्र नहीं थे, उन्‍हें भी इस साल वेतन वृद्धि का फायदा दिया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा