1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पाई-पाई को मोहताज पाकिस्‍तान के लिए आई अच्‍छी खबर, IMF ने मदद का दिया आश्‍वासन

पाई-पाई को मोहताज पाकिस्‍तान के लिए आई अच्‍छी खबर, IMF ने मदद का दिया आश्‍वासन

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 11, 2019 08:36 pm IST,  Updated : Feb 11, 2019 08:36 pm IST

लेगार्ड ने एक बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) समर्थित कार्यक्रम के बारे में पाकिस्तानी नेता के साथ उनकी मुलाकात रचनात्मक थी।

imran khan- India TV Hindi
imran khan Image Source : IMRAN KHAN

इस्लामाबाद। आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्‍तान के वित्‍त मंत्री असद उमर ने सोमवार को कहा‍ कि दुबई में रविवार को प्रधानमंत्री इमरान खान और आईएमएफ प्रमुख क्रिस्‍टीन लेगार्ड की मुलाकात के बाद वैश्विक कर्जदाता पाकिस्‍तान को आर्थिक मदद देने पर राजी हो गया है।  

खान यूएई के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतौम के निमंत्रण पर वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट के सातवें संस्करण में भाग लेने के लिए संयुक्त अरब अमीरात की एक दिन की यात्रा पर गए हैं। लेगार्ड ने एक बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) समर्थित कार्यक्रम के बारे में पाकिस्तानी नेता के साथ उनकी मुलाकात रचनात्मक थी। 

उन्होंने कहा कि मैं दोहराती हूं कि आईएमएफ पाकिस्तान की मदद करने के लिए तैयार है। मैंने यह भी कहा कि निर्णायक नीतियां और आर्थिक सुधारों का एक मजबूत पैकेज पाकिस्तान को उसकी अर्थव्यवस्था का लचीलापन बहाल करने में सक्षम करेगा और मजबूत और अधिक समावेशी विकास की नींव रखेगा।  

खान ने लेगार्ड के साथ अपनी मुलाकात के बारे में ट्वीट भी किया। उन्होंने कहा कि देश को स्थायी विकास के मार्ग पर रखने के लिए गहरे संरचनात्मक सुधारों की आवश्यकता पर हमारे विचार एक जैसे थे, जिसमें समाज के सबसे कमजोर वर्गों की रक्षा की जाती है। आईएमएफ पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को सही रास्ते पर लाने के लिए कुछ सुधारात्मक कदम उठाने की शर्त रख रहा है। वह चाहता है कि पाकिस्तान अगले तीन-चार साल में करीब 1,600-2,000 अरब रुपए का समायोजन करे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा