1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सऊदी अरब के बाद चीन करेगा पाकिस्‍तान की मदद, शी जिनपिंग ने 6 अरब डॉलर की मदद का किया वादा

सऊदी अरब के बाद चीन करेगा पाकिस्‍तान की मदद, शी जिनपिंग ने 6 अरब डॉलर की मदद का किया वादा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 03, 2018 11:28 am IST,  Updated : Nov 03, 2018 11:28 am IST

चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग के साथ बातचीत के बाद समझा जाता है कि चीन पाकिस्तान को छह अरब डॉलर की सहायता उपलब्ध कराने पर सहमत हो गया है।

imran khan in china- India TV Hindi
imran khan in china Image Source : IMRAN KHAN IN CHINA

बीजिंग। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अपनी पहली चीन यात्रा पर शुक्रवार को यहां पहुंचे। चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग के साथ बातचीत के बाद समझा जाता है कि चीन पाकिस्तान को छह अरब डॉलर की सहायता उपलब्ध कराने पर सहमत हो गया है। पाकिस्तान इस समय विदेशी मुद्रा की भारी आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की ओर से उसे राहत पैकेज देने के लिए कड़ी शर्तें रखी गई हैं। पाकिस्तान चाहता है कि मित्र देश उसकी मदद करें ताकि उसे आईएमएफ से कम से कम सहायता लेनी पड़े। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार खान अपनी चार दिन की पहली यात्रा पर शुक्रवार की सुबह यहां पहुंचे। चीन के ग्रेट हॉल ऑफ पीपुल में खान की चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग से मुलाकात हुई। दोनों नेताओं के बीच अकेले में और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई। जियो टीवी ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि पाकिस्तान को चीन से छह अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज मिलने की उम्मीद है। इसके साथ डेढ अरब डॉलर के ऋण की पेशकश और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के लिए तीन अरब डॉलर का अतिरिक्त पैकेज दिया जाएगा।

हालांकि, इस रिपोर्ट को लेकर चीन की ओर से आधिकारिक तौर पर अभी तक कुछ नहीं कहा गया है। खान ने शी से कहा कि पाकिस्तान सरकार के समक्ष बहुत कठिन आर्थिक स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा दुर्भाग्य से हमारा देश इस समय दो बड़े घाटे के साथ काफी कमजोर स्थिति से गुजर रहा है। पाकिस्तान को राजकोषीय घाटा और चालू खाते के घाटे का सामना करना पड़ रहा है।  

खान इससे पहले पिछले महीने सऊदी अरब की यात्रा पर गये थे। रियाद से भी उन्हें छह अरब डॉलर की सहायता का भरोसा मिला है। इसमें तीन अरब डॉलर की सहायता तेल आयात का बाद में भुगतान करने की मदद भी शामिल है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा