1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. चीन हुआ भारत की ग्रोथ रेट का मुरीद, अधिक निवेश करने की जताई इच्छा

चीन हुआ भारत की ग्रोथ रेट का मुरीद, अधिक निवेश करने की जताई इच्छा

 Written By: Dharmender Chaudhary
 Published : Apr 24, 2016 04:13 pm IST,  Updated : Apr 24, 2016 04:13 pm IST

चीन ने ग्लोबल इकोनॉमी में सुस्ती के बीच प्रभावशाली आर्थिक ग्रोथ रेट को बरकरार रखने के लिए किए जा रहे अच्छे काम को भारत की सराहना की है।

चीन हुआ भारत की ग्रोथ रेट का मुरीद, अधिक निवेश करने की जताई इच्छा- India TV Hindi
चीन हुआ भारत की ग्रोथ रेट का मुरीद, अधिक निवेश करने की जताई इच्छा

मॉस्को। चीन ने ग्लोबल इकोनॉमी में सुस्ती के बीच प्रभावशाली आर्थिक ग्रोथ रेट को बरकरार रखने के लिए किए जा रहे अच्छे काम को भारत की सराहना की है। इसके साथ ही पड़ोसी देश ने कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली में सुधारों का आगे बढ़ाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने का इच्छुक है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि उनका देश भारत में निवेश बढ़ाने को इच्छुक है। उन्होंने कहा कि दोनों उभरती अर्थव्यवस्थाएं विश्व अर्थव्यवस्था की वृद्धि को रफ्तार देने के लिए उल्लेखनीय योगदान दे सकती हैं।

वांग ने कहा, सबसे पहले हमें अपनी राष्ट्रीय अर्थव्यवस्थाओं को आगे बढ़ाना होगा। इस मोर्चे पर हम आर्थिक वृद्धि को प्रोत्साहन देने के लिए भारत के अच्छे काम की सराहना करेंगे। वांग यहां रूस, भारत और चीन (आरआईसी) समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने आए है। उन्होंने आगे कहा कि विकासशील देशों के हितों के संरक्षण तथा विश्व अर्थव्यवस्था के पुनरुद्धार के लिए वैश्विक वित्तीय प्रणाली का सुधार जरूरत है।

वांग ने कहा, हमें वैश्विक आर्थिक और वित्तीय संचालन में सुधार के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने को हाथ मिलाने की जरूरत है, क्योंकि इससे विकासशील देशों के हितों का संरक्षण करने में मदद मिलेगी। इससे विश्व अर्थव्यवस्था को भी मजबूत वृद्धि की राह पर लौटाया जा सकेगा। वांग ने कहा कि चीन दोनों देशों के बीच गहरे रिश्तों की संभावना को लेकर आशान्वित है। उन्होंने कहा, निश्चित रूप से भारत में अधिक निवेश करने से हमें खुशी होगी। इसको लेकर कोई संदेह नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा