नई दिल्ली। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 22 मई को समाप्त सप्ताह के दौरान 3.005 अरब डॉलर उछलकर अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 490.044 अरब डॉलर पर पहुंच गया। शुक्रवार को आरबीआई द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक विदेशी मुद्रा संपत्ति में वृद्धि होने से मुद्रा भंडार में यह उछाल आया है। इससे पूर्व के सप्ताह में मुद्रा भंडार 1.726 अरब डॉलर बढ़कर 487.04 अरब डॉलर पर पहुंचा था।
Related Stories
भारतीय रिजर्व बैंक ने अपने आंकड़ों में कहा कि विदेशी मुद्रा संपत्ति समग्र भंडार का एक प्रमुख घटक है, समीक्षाधीन अवधि में यह 3.035 अरब डॉलर बढ़कर 451.706 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
डॉलर में व्यक्त किए जाने वाले विदेशी मुद्रा संपत्ति पर मुद्रा भंडार में मौजूद गैर-अमेरिकी मुद्राओं जैसे यूरो, पौंड और येन में आने वाले उतार-चए़ाव का भी प्रभाव पड़ता है।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान देश का स्वर्ण भंडार 12.7 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 32.779 अरब डॉलर रह गया।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ देश का विशेष आहरण अधिकार इस दौरान 80 लाख डॉलर की वृद्धि के साथ 1.432 अरब डॉलर हो गया। आईएमएफ के साथ देश का भंडार भी 8.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.127 अरब डॉलर हो गया।