1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना किया बंद, अमेरिका ने उठा लिया था ये बड़ा कदम

भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना किया बंद, अमेरिका ने उठा लिया था ये बड़ा कदम

 Edited By: India TV Business Desk
 Published : May 25, 2019 12:29 pm IST,  Updated : May 25, 2019 12:30 pm IST

अमेरिका के प्रतिबंधों से मिली छूट की अवधि इस महीने की शुरुआत में समाप्त होने के बाद भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। अमेरिका में भारत के राजदूत ने यह जानकारी दी।

crude oil- India TV Hindi
crude oil Image Source : SOCIAL MEDIA

वाशिंगटन। अमेरिका के प्रतिबंधों से मिली छूट की अवधि इस महीने की शुरुआत में समाप्त होने के बाद भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। अमेरिका में भारत के राजदूत ने यहां यह जानकारी दी। भारत ने ईरान के साथ ही वेनेजुएला से भी कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। इस कदम के बाद भारत एक और नया देश बन गया है जिसने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है।

अमेरिका ने खत्म कर दी थी तेल खरीद पर छूट

अमेरिका ने ईरान के साथ परमाणु समझौते से खुद को अलग करने के बाद उसके खिलाफ कई आर्थिक प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। हालांकि उसने आठ देशों को ईरान से कच्चा तेल खरीदने पर प्रतिबंधों से छूट दी थी। इस छूट की अवधि मई महीने की शुरुआत में समाप्त हो गई। 

अमेरिका में भारत के राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि अमेरिका द्वारा प्रतिबंध से मिली छूट की अवधि बढ़ाने से इनकार किए जाने के बाद भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अप्रैल में भारत ने ईरान से खरीदे जाने वाले कच्चे तेल की मात्रा करीब 2.5 अरब टन से घटाकर एक अरब टन कर दी थी।

श्रृंगला ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हम यह समझते हैं कि यह अमेरिका के लिए एक प्राथमिकता है, हालांकि हमें इसकी कीमत चुकानी पड़ी है क्योंकि हमें सच में वैकल्पिक स्रोत की तलाश करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत ने ईरान के साथ ही वेनेजुएला से भी कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है।

ईरान की अर्थव्यवस्था रिकॉर्ड निचले स्तर पर

ट्रंप प्रशासन को उम्मीद है कि वह ईरान को एक नई परमाणु डील के लिए मजबूर कर सकेगा, जिसमें बैलेस्टिक मिसाइल कार्यक्रम पर पर अंकुश भी शामिल है। प्रतिबंधों के बाद ईरान की अर्थव्यवस्था और मुद्रा रिकॉर्ड निचले स्तर पर है और महंगाई चरम पर पहुंच गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा