1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत में जॉब्स को लेकर आई अच्छी खबर, एक महीने में 13.21 लाख लोगों की लगी नौकरी: ESIC

भारत में जॉब्स को लेकर आई अच्छी खबर, एक महीने में 13.21 लाख लोगों की लगी नौकरी: ESIC

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 25, 2021 10:26 am IST,  Updated : Sep 25, 2021 10:26 am IST

आंकड़ों के अनुसार सकल रूप से ईएसआईसी की योजना से अप्रैल में 10.72 लाख, मई में 8.87 लाख और जून में 10.58 लाख नये सदस्य जुड़े।

भारत में जॉब्स को लेकर...- India TV Hindi
भारत में जॉब्स को लेकर आई अच्छी खबर, एक महीने में 13.21 लाख लोगों की लगी नौकरी: ESIC  Image Source : PTI

नयी दिल्ली। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की सामाजिक सुरक्षा योजना से इस साल जुलाई में 13.21 लाख नये सदस्य जुड़े। जबकि इससे पूर्व माह जून में 10.58 लाख सदस्य जुड़े थे। शुक्रवार को जारी आधिकारिक आंकड़े में यह जानकारी दी गयी जो मोटे तौर पर देश के संगठित क्षेत्र में रोजगार की स्थिति को बयां करता है। ताजा आंकड़ा राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की रिपोर्ट का हिस्सा है। 

आंकड़ों के अनुसार सकल रूप से ईएसआईसी की योजना से अप्रैल में 10.72 लाख, मई में 8.87 लाख और जून में 10.58 लाख नये सदस्य जुड़े। यह बताता है कि कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर की रोकथाम के लिये राज्यों के स्तर पर लगाये गये प्रतिबंधों में ढील दिये जाने के बाद से योजनाओं से जुड़ने वाले सदस्यों की संख्या बढ़ी है यानी नये लोगों को नियमित वेतन पर रोजगार प्राप्त हो रहा है। 

कोविड महामारी की दूसरी लहर इस साल अप्रैल के मध्य में आयी। उसके बाद राज्यों ने महामारी की रोकथाम के लिये ‘लॉकडाउन’ लगाया। एनएसओ की रिपोर्ट के अनुसार 2020-21 में ईएसआईसी की योजनाओं से जुड़ने वाले नये अंशधारकों की कुल संख्या 1.15 करोड़ रही जो 2019-20 में 1.51 करोड़ और 2018-19 में 1.49 करोड़ थी। सितंबर 2017 से मार्च 2018 के दौरान करीब 83.35 लाख नये अंशधारक ईएसआईसी योजना से जुड़े थे। 

रिपोर्ट के अनुसार सितंबर 2017 से जुलाई 2021 के दौरान ईएसआईसी से जुड़ने वाले सदस्यों की संख्या 5.42 करोड़ रही। एनएसओ की रिपोर्ट ईएसआईसी, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) और पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) की योजनाओं से जुड़ने वाले नये अंशधारकों के आंकड़ों पर आधारित है। एनएसओ अप्रैल 2018 से इस प्रकार के आंकड़े जारी कर रहा है। इसमें सितंबर 2017 से आंकड़े लिये गये हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा