1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुकेश अंबानी की संपत्ति 50 अरब डॉलर के पार, 2018 में तीसरे सबसे ज्यादा कमाई करने वाले व्यक्ति बने

मुकेश अंबानी की संपत्ति 50 अरब डॉलर के पार, 2018 में तीसरे सबसे ज्यादा कमाई करने वाले व्यक्ति बने

 Reported By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Aug 29, 2018 09:13 am IST,  Updated : Aug 29, 2018 09:14 am IST

2018 में अबतक यानि 8 महीने में मुकेश की संपत्ति में 10.4 अरब डॉलर यानि 20 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है

Mukesh Ambani's net worth surpasses USD 50 billions - India TV Hindi
Mukesh Ambani's net worth surpasses USD 50 billions 

नई दिल्ली। भारत और एशिया के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी ने एक और मील का पत्थर पार है। मुकेश अंबानी की संपत्ति 50 अरब डॉलर को पार कर गई है और पूरे एशिया में इस आंकड़ों को पार करने वाले वह एकमात्र व्यक्ति हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक मुकेश अंबानी की संपत्ति 50.7 अरब डॉलर यानि 3.55 लाख करोड़ रुपए को पार कर गई है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर बढ़ा

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में लगातार तेजी देखी जा रही है, मंगलवार क रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर ने 1323 रुपए की रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ और 2 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ 1318.20 रुपए पर बंद हुआ। शेयर में आई तेजी की वजह से रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्य 8.35 लाख करोड़ रुपए के पार यानि 119.17 अरब डॉलर हो गया है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर बढ़ने से मुकेश को फायदा

हालांकि प्रोमोटर ग्रुप की हिस्सदारी के तौर पर देखें तो रिलायंस इंडस्ट्री में प्रोमोटर ग्रुप की संपत्ति 56 अरब डॉलर को पार कर चुकी है, रिलायंस इंडस्ट्री में प्रोमोटर ग्रुप की कुल हिस्सेदारी 47.35 प्रतिशत है और कंपनी के कुल बाजार मूल्य यानि 119.17 अरब डॉलर में प्रोमोटर ग्रुप का हिस्सा 56.67 अरब डॉलर बनता है।

इस साल 20% से ज्यादा बढ़ी मुकेश की संपत्ति

मुकेश अंबानी की संपत्ति में हुई बढ़ोतरी की वजह से वह दुनिया के धनी लोगों की लिस्ट में 11वें स्थान पर बने हुए हैं। 2018 में अबतक यानि 8 महीने में मुकेश की संपत्ति में 10.4 अरब डॉलर यानि 20 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। दुनिया के सबसे धनी लोगों ने 2018 में जो कमाई करी है उसमें मुकेश अंबानी तीसरे सबसे ज्यादा कमाने वाले व्यक्ति हैं।

मुकेश बने तीसरे सबसे ज्यादा कमाने वाले व्यक्ति

2018 में अबतक दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति और ई-कॉमर्स कंपनी के CEO जेफ बेजोस ने की है, उन्होंने इस साल 60.2 अरब डॉलर कमाए हैं और उनकी कुल संपत्ति 159 अरब डॉलर हो गई है। दूसरे नंबर पर फ्रांस के कारोबारी और दुनिया के चौथे सबसे धनी व्यक्ति बरनार्ड अरनॉल्ट हैं जिन्होंने इस साल 15.4 अरब डॉलर की कमाई की है और उनकी कुल संपत्ति 78.7 अरब डॉलर हो गई है। तीसरे नंबर पर 10.4 अरब डॉलर की कमाई के साथ मुकेश अंबानी हैं। इस साल कमाई के मामले में मुकेश अंबानी ने माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स, निवेशक वॉरेन बफे तथा गूगल के लैरी पेज और सेर्जी ब्रिन को भी पीछे छोड़ दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा