1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिसंबर तक महंगे प्याज से राहत की उम्मीद कम, आलू में आने लगी नरमी

दिसंबर तक महंगे प्याज से राहत की उम्मीद कम, आलू में आने लगी नरमी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 23, 2020 09:16 pm IST,  Updated : Nov 23, 2020 09:16 pm IST

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को प्याज का खुदरा भाव 50 से 70 रुपये प्रति किलो चल रहा है जबकि थोक भाव 47 रुपये प्रति किलो तक था जो कि दिवाली से पहले 42 रुपये प्रति किलो तक गिर गया था। कारोबारियों की मानें तो दिसंबर से पहले महंगे प्याज से राहत मिलने के आसार कम है।

प्याज की कीमतों में...- India TV Hindi
प्याज की कीमतों में फिर बढ़त का रुख Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली। विदेशों से प्याज का आयात कमजोर पड़ जाने से दाम में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। बाजार के जानकारों की माने तो राजस्थान से प्याज की आवक शुरू होने और प्याज की कीमतों में नरमी आने से आयात में कमी देखने को मिली थी। फिलहाल सप्लाई में नरमी आने और नासिक से प्याज की आवक शुरू नहीं होने से प्याज की कीमतों में फिलहाल राहत की संभावना कम है।

 

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को प्याज का खुदरा भाव 50 से 70 रुपये प्रति किलो चल रहा है जबकि थोक भाव  47 रुपये प्रति किलो तक था जो कि दिवाली से पहले 42 रुपये प्रति किलो तक गिर गया था। कारोबारियों की मानें तो दिसंबर से पहले महंगे प्याज से राहत मिलने के आसार कम है।

हॉर्टिकल्चर प्रोड्यूस एक्सपोटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजित शाह ने बताया कि विदेशों से प्याज आना बंद नहीं हुआ है, लेकिन कम जरूर हो गया है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह भी तुर्की से प्याज आया है। उन्होंने कहा कि इस समय राजस्थान से प्याज की आवक जोरों पर है, इसलिए घरेलू खपत की भरपाई हो रही है, लेकिन कीमतों में नरमी तभी आएगी जब नासिक का नया प्याज बाजार में उतरेगा। उन्होंने बताया कि नासिक के पुराने प्याज का जो स्टॉक था वह समाप्ति पर है, इसलिए अभी दाम में बहुत गिरावट की गुंजाइश नहीं दिख रही है। शाह की मानें तो दिसंबर से पहले प्याज के दाम में ज्यादा गिरावट नहीं होगी।

आजादपुर मंडी के कारोबारी व पोटैटो एंड ऑनियन मर्चेंट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी राजेंद्र शर्मा ने कहा कि राजस्थान से इस समय प्याज की आवक जोरों पर है फिर भी दाम में कोई गिरावट नहीं देखी जा रही है, और देश के अन्य भागों से अभी प्याज की नई फसल की आवक शुरू होने में देर है, इसलिए आयात नहीं होने की सूरत में प्याज के दाम में आगे तेजी देखने को मिल सकती है। हालांकि इस बीच राहत की बात है कि आलू की नई फसल की आवक बढ़ने से दाम में नरमी आई है।, आलू का थोक भाव 20 से 36 रुपये प्रति किलो था। वहीं, खुदरा आलू 50 रुपये से कम भाव पर मिलने लगा है।

बता दें कि प्याज के दाम को काबू में रखने के लिए केंद्र सरकार ने 14 सितंबर को प्याज के निर्यात पर रोक लगा दी थी। इसके बाद 23 अक्टूबर को थोक एवं खुदरा व्यापारियों के लिए प्याज का स्टॉक रखने की सीमा तय कर दी गई, जिसके अनुसार खुदरा कारोबारी अधिकतम दो टन और थोक व्यापारी अधिकतम 25 टन प्याज का स्टॉक रख सकता है। सरकार ने 31 दिसंबर, 2020 तक की अवधि के लिए प्याज पर स्टॉक लिमिट लगाई है। साथ ही, आयात के नियमों में भी ढील दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा