1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 12 दिन की बढ़त के बाद मिली राहत, पेट्रोल, डीजल के दाम में बढ़त पर लगा ब्रेक

12 दिन की बढ़त के बाद मिली राहत, पेट्रोल, डीजल के दाम में बढ़त पर लगा ब्रेक

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 21, 2021 12:31 pm IST,  Updated : Feb 21, 2021 12:31 pm IST

दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का भाव रविवार को बिना किसी बदलाव के क्रमश: 90.58 रुपये, 91.78 रुपये, 97 रुपये और 92.59 रुपये प्रति लीटर बना रहा

तेल कीमतों में राहत- India TV Hindi
तेल कीमतों में राहत Image Source : PTI

नई दिल्ली| पेट्रोल और डीजल के दाम में 12 दिनों से जारी वृद्धि पर आज ब्रेक लग गया है जो कि देश के उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। बीते सप्ताह के आखिर में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में आई नरमी के बाद तेल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में रविवार को कोई बदलाव नहीं किया। पेट्रोल का भाव इस समय रिकॉर्ड स्तर पर है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का भाव रविवार को बिना किसी बदलाव के क्रमश: 90.58 रुपये, 91.78 रुपये, 97 रुपये और 92.59 रुपये प्रति लीटर बना रहा। डीजल की कीमतें दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी क्रमश: 80.97 रुपये, 84.56 रुपये, 88.06 रुपये और 85.98 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बनी रही।

फिलहाल देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत अपने रिकॉर्ड स्तरों पर पहुंच चुकी है। कीमतों में तेजी के पीछे कच्चे तेल में बढ़त के साथ साथ सरकारों के द्वारा लगाए जाने वाले टैक्स हैं। महामारी की वजह से सरकार की आय में गिरावट देखने को मिली है लेकिन खर्च काफी बढ़ गए हैं, जिससे सरकार के सामने टैक्स घटाने के विकल्प काफी सीमित हैं। इस साल की शुरुआत के साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़त देखने को मिल रही है। तब से अब तक पेट्रोल और डीजल में साढ़े 4 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा की बढ़त देखने को मिल चुकी है।

अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का अप्रैल डिलीवरी अनुबंध शुक्रवार को बीते सत्र से 1.89 फीसदी की कमजोरी के साथ 62.72 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज (नायमैक्स) पर वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) का मार्च अनुबंध बीते सत्र से 2.45 फीसदी की गिरावट के साथ 59.04 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा