1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दो दिन से स्थिर हैं पेट्रोल-डीजल के दाम, आगे कीमतों में आ सकता है उछाल

दो दिन से स्थिर हैं पेट्रोल-डीजल के दाम, आगे कीमतों में आ सकता है उछाल

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 14, 2018 06:36 pm IST,  Updated : Jun 14, 2018 06:36 pm IST

15 दिनों तक लगातार गिरावट के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत पिछले दो दिनों से स्थिर बनी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा तेल कंपनियों की अधिसूचनाओं की समीक्षा के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की कीमत में पिछली 12 जून को संशोधन किया गया था।

petrol and diesel price- India TV Hindi
petrol and diesel price Image Source : PETROL AND DIESEL PRICE

नई दिल्ली। 15 दिनों तक लगातार गिरावट के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत पिछले दो दिनों से स्थिर बनी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा तेल कंपनियों की अधिसूचनाओं की समीक्षा के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की कीमत में पिछली 12 जून को संशोधन किया गया था। उस समय दोनों ईंधन में क्रमश: 15 पैसे और 10 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई थी। उसके बाद से ईंधन की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। 

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 76.43 रुपए लीटर तथा डीजल 67.85 रुपए लीटर बिक रहा है। अन्य महानगरों और राज्यों की राजधानी के मुकाबले दिल्ली में कम बिक्री कर या वैट के कारण कीमत सबसे कम है। 

पेट्रोल और डीजल की कीमत 29 मई को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। उस दिन जहां पेट्रोल 78.43 रुपए लीटर पर पहुंच गया था, वहीं डीजल 67.85 रुपए लीटर के उच्चतम स्तर पर चला गया था। उसके बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल नरम होने और रुपए में मजबूती से कीमतों में 14 बार कटौती की गई है। 

पिछले एक पखवाड़े में पेट्रोल जहां 2 रुपए लीटर सस्ता हुआ वहीं डीजल के दाम में 1.46 रुपए लीटर की कमी आई है। इसके उलट कर्नाटक चुनाव के दौरान 19 दिन तक कीमत संशोधन में विराम के बाद 14 मई से पेट्रोल के दाम में 3.80 रुपए लीटर तथा डीजल में 3.38 रुपए की वृद्धि हुई थी। 

संप्रग सरकार में ईंधन के अधिकतम मूल्य से तुलना करें तो खुदरा मूल्य अब भी अधिक है। संप्रग के दौरान 14 सितंबर 2013 को पेट्रोल 76.06 रुपए लीटर पर चला गया था। वहीं डीजल का उच्चतम मूल्य 13 मई 2014 को 56.71 रुपए लीटर था। इस साल एक जनवरी से पेट्रोल की कीमत 6.46 रुपए लीटर तथा डीजल 8.21 रुपए लीटर की बढ़ोतरी हुई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा