1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भ्रष्‍टाचार और कालेधन को खत्‍म करने का मोदी ने दिया आज नया फॉर्मूला, डिजिटल लेनदेन को बताया कारगर हथियार

भ्रष्‍टाचार और कालेधन को खत्‍म करने का मोदी ने दिया आज नया फॉर्मूला, डिजिटल लेनदेन को बताया कारगर हथियार

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jan 28, 2018 03:28 pm IST,  Updated : Jan 28, 2018 03:28 pm IST

नरेन्द्र मोदी ने आज देश से भ्रष्‍टाचार और कालेधन को समाप्‍त करने का नया फॉर्मूला दिया। उन्‍होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन से खुद जुड़ें और 100 नए परिवारों को इससे जोड़ें तो यह लड़ाई आसानी से जीती जा सकती है।

pm modi- India TV Hindi
pm modi

नई दिल्‍ली।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देश से भ्रष्‍टाचार और कालेधन को समाप्‍त करने का नया फॉर्मूला दिया। उन्‍होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन से खुद जुड़ें और 100 नए परिवारों को इससे जोड़ें तो यह लड़ाई आसानी से जीती जा सकती है। मोदी ने जोर देकर कहा कहा कि भ्रष्टाचार एवं कालेधन के खिलाफ लड़ाई भारत के युवाओं के भविष्य की लड़ाई है और यह लड़ाई रुकेगी नहीं, भ्रष्टाचार में लिप्त कोई भी व्यक्ति अब बच नहीं पाएगा।  

एनसीसी के एक समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी और लोग मानते थे कि बड़े-बड़े लोगों का कुछ नहीं होता है। लेकिन अब चीजें बदल गई हैं । आज भ्रष्टाचार के कारण तीन पूर्व मुख्यमंत्री जेल में हैं । उन्होंने कहा कि आज देश का नौजवान भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है । भ्रष्टाचार के प्रति नफरत का भाव समाज में पैदा हो गया है।

मोदी ने कहा कि लेकिन सिर्फ भ्रष्टाचार से नफरत करने, रोष प्रकट करने से काम नहीं चलेगा। फिर तो लड़ाई लंबी चलानी पड़ेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है। भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ लड़ाई देश के नौजवानों के भविष्य के लिए है। भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ लड़ाई नहीं रुकेगी।

उन्होंने कहा कि वह देश के नौजवानों, एनसीसी कैडेटों से कुछ मांगना चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे उन्हें निराश नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि वह न तो वोट मांग रहे हैं और न ही राजनीतिक मंच से कुछ कह रहे हैं। मैं आपसे भारत को भ्रष्टाचार रूपी दीमक से मुक्ति दिलाने की अपील कर रहा हूं। मोदी ने कहा कि वह अपील कर रहे हैं कि जवाबदेही और पारदर्शिता से जुड़ी डिजिटल लेनदेन की पहल से 100 नए परिवारों को जोड़ें।

प्रधानमंत्री ने एनसीसी कैडेटों समेत युवाओं से अपने मोबाइल पर भीम एप डाउनलोड करने और डिजिटल लेनदेन करने की अपील की। उन्होंने इस संबंध में पादर्शिता लाने में आधार की भूमिका का भी जिक्र किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा