नई दिल्ली। अगर आपके पैसे आम्रपाली ग्रुप के प्रोजेक्ट्स में फंसे हैं तो यह खबर आपके काम की है। सरकारी कंपनी नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (NBCC) जल्द ही आम्रपाली समूह के अटके प्रोजेक्ट्स को पूरा करने की जिम्मेदारी उठा सकती है। गुरुवार को कंपनी की तरफ से सुप्रीम कोर्ट को यह जानकारी दी गई कि वह प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए तैयार है।
Related Stories
एनबीसीसी ने कहा है कि वह आम्रपाली ग्रुप की कंपनियों के अटके प्रोजेक्ट्स को टेक ओवर करने के लिए तैयार है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने एनबीसीसी से पूछा कि वह आम्रपाली की अटके प्रोजेक्ट्स को किस तरह पूरा करेगी, इसके बारे में 30 दिन के भीतर ठोस प्रस्ताव सौंपे।
उच्चतम न्यायालय ने आम्रपाली ग्रुप को 250 करोड़ रुपए जमा कराने के निर्देश को याद दिलाते हुए कहा कि कंपनी का व्यवहार पूरी तरह से अनुचित और असंगत रहा है। शीर्ष अदालत ने आम्रपाली समूह के 2,765 करोड़ रुपए इधर-उधर करने का भी संज्ञान लिया और लेखा-परीक्षकों को इस बारे में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने आम्रपाली ग्रुप को कड़ी फटकार लगाई थी। घर खरीदारों को समय पर पजेशन न देने और प्रोजेक्ट्स के लटकने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को आम्रपाली ग्रुप की 40 कंपनियों और उनके डायरेक्टरों के बैंक खाते और चल संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया था।