1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में अक्टूबर में भी सुधार, सितंबर के मुकाबले 33 फीसदी बढ़त: रिपोर्ट

घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में अक्टूबर में भी सुधार, सितंबर के मुकाबले 33 फीसदी बढ़त: रिपोर्ट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 07, 2020 07:29 pm IST,  Updated : Nov 07, 2020 07:29 pm IST

अक्टूबर के महीने में उड़ानों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी देखी गयी है। उड़ान दोबारा शुरू होने के पहले दिन 416 उड़ानें संचालित हुईं जो 26 अक्टूबर को 156वें दिन 1,749 हो गयीं। अक्टूबर में प्रतिदिन औसत 1,574 उड़ानों का संचालन हुआ।

घरेलू हवाई यात्रियों...- India TV Hindi
घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में सुधार Image Source : PTI

नई दिल्ली। घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में महीने दर महीने इजाफा हो रहा है। रेटिंग एजेंसी इक्रा की रपट के मुताबिक सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में हवाई यात्रियों की संख्या में 33 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गयी और इनकी संख्या 52 लाख रही। हालांकि सालाना आधार पर घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में 58 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या में 87 प्रतिशत की गिरावट रही। इक्रा ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि भारतीय विमानन उद्योग में लगातार सुधार हो रहा है। अक्टूबर में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में मासिक आधार पर करीब 33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। यह संख्या 52 लाख यात्री रही। वहीं पिछले साल अक्टूबर की तुलना में विमानन कंपनियों ने 52 प्रतिशत क्षमता के साथ उड़ान भरी। हालांकि यह इसी साल के अगस्त की 33 प्रतिशत और सितंबर की 46 प्रतिशत क्षमता से बेहतर स्थिति है।

नागर विमानन मंत्रालय ने 27 जून से 45 प्रतिशत क्षमता के साथ उड़ान भरने की अनुमति दी थी। यह लॉकडाउन के बाद 25 मई को घरेलू उड़ानों के दोबारा चालू होने पर लागू की गयी एक तिहाई क्षमता से अधिक था। बाद में सरकार ने दो सितंबर को यह क्षमता बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी। आने वाले दिनों में त्यौहारी मौसम को देखते हुए इसे बढ़ाकर 70-75 प्रतिशत तक किए जाने की उम्मीद है। इक्रा के उपाध्यक्ष किंजल शाह ने कहा, ‘‘ उड़ानों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी देखी गयी है। उड़ाने दोबारा शुरू होने के पहले दिन 416 उड़ानें संचालित हुईं जो 26 अक्टूबर को 156वें दिन 1,749 हो गयीं। अक्टूबर में प्रतिदिन औसत 1,574 उड़ानों का संचालन हुआ। हालांकि यह अक्टूबर 2019 के 3,031 उड़ान प्रतिदिन के औसत से कम है। लेकिन सितंबर 2020 के 1,311 उड़ान प्रतिदिन के औसत से बेहतर स्थिति है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा