1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रिलायंस जियो ने मार्च में जोड़े 94 लाख ग्राहक, एयरटेल और आइडिया को छोड़ा पीछे

रिलायंस जियो ने मार्च में जोड़े 94 लाख ग्राहक, एयरटेल और आइडिया को छोड़ा पीछे

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 24, 2018 08:23 pm IST,  Updated : May 24, 2018 08:23 pm IST

ट्राई ने मासिक मोबाइल ग्राहकों की संख्‍या का ताजा आंकड़ा गुरुवार को जारी किया। मार्च में टेलीकॉम उपभोक्‍ताओं की संख्‍या में 2.24 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और इनकी संख्‍या बढ़कर 120.62 करोड़ हो गई है, जो फरवरी में 117.98 करोड़ थी।

reliance jio- India TV Hindi
reliance jio Image Source : RELIANCE JIO

नई दिल्‍ली। ट्राई ने मासिक मोबाइल ग्राहकों की संख्‍या का ताजा आंकड़ा गुरुवार को जारी किया। मार्च में टेलीकॉम उपभोक्‍ताओं की संख्‍या में 2.24 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और इनकी संख्‍या बढ़कर 120.62 करोड़ हो गई है, जो फरवरी में 117.98 करोड़ थी। प्राइवेट कंपनियों का प्रदर्शन बेहतर रहा है, जबकि एमटीएनएल और बीएसएनएल जैसी सार्वजनिक कंपनियों की बाजार हिस्‍सेदारी मात्र 9.45 प्रतिशत रही। रिलायंस जियो की वृद्धि दर इस महीने भी सबसे ज्‍यादा रही।

मार्च महीने में रिलायंस जियो ने 94 लाख नए ग्राहक अपने नेटवर्क में शामिल किए हैं और इसके साथ ही इसके कुल ग्राहकों की संख्‍या बढ़कर 18.65 करोड़ हो गई है। आइडिया 91 लाख ग्राहकों के साथ दूसरे स्‍थान पर ही और इसके कुल ग्राहकों की संख्‍या बढ़कर 21.12 करोड़ पर पहुंच गई। 84 लाख सब्‍सक्राइबर्स के साथ भारती एयरटेल तीसरे और 56 लाख उपभोक्‍ताओं के साथ वोडाफोन इंडिया चौथे स्‍थान पर रही।

हालांकि जियो की वृद्धि दर बहुत अधिक है लेकिन एयरटेल अभी भी 25.70 प्रतिशत बाजार हिस्‍सेदारी के साथ अव्‍वल बनी हुई है। इसके कुल ग्राहकों की संख्‍या 30.41 करोड़ है। वोडाफोन की बाजार हिस्‍सेदारी 18.82 प्रतिशत है और इसके कुल ग्राहकों की संख्‍या 22.26 करोड़ है। आइडिया की बाजार हिस्‍सेदारी 17.85 प्रतिशत है और इसके कुल उपभोक्‍ताओं की संख्‍या 21.12 करोड़ है। जियो 15.76 प्रतिशत बाजार हिस्‍सेदारी के साथ चौथे स्‍थान पर है और इसके कुल ग्राहकों की संख्‍या 18.65 करोड़ है।  

यहां उल्‍लेखनीय है कि वोडाफोन और आइडिया का विलय अब अपने अंतिम चरण में है और इन दोनों कंपनियों के विलय के बाद बनने वाली नई कंपनी एयरटेल से भी बड़ी कंपनी होगी जो रिलायंस जियो को बाजार में कड़ी टक्‍कर देगी।  

एमटीएनएल, आरकॉम और टेलीनॉर के ग्राहकों की संख्‍या मार्च में घटी है। एमटीएनएल को 7,700 ग्राहकों का नुकसान हुआ है, वहीं आरकॉम ने लगभग 5 लाख ग्राहकों को खोया है। टेलीनॉर के 13 लाख ग्राहकों ने मार्च में नए ऑपरेटर्स की सेवाएं हासिल की हैं। मार्च में देश के भीतर कुल वायरलेस उपभोक्‍ताओं की संख्‍या बढ़कर 118.3 करोड़ पर पहुंच गई, जो फरवरी में 115.6 करोड़ थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा