1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. GST की घटी दरों से ग्राहकों को होने लगा फायदा, सैमसंग-गोदरेज ने टीवी-फ्र‍िज सहित इलेक्‍ट्रॉनिक वस्तुओं के घटाए दाम

GST की घटी दरों से ग्राहकों को होने लगा फायदा, सैमसंग-गोदरेज ने टीवी-फ्र‍िज सहित इलेक्‍ट्रॉनिक वस्तुओं के घटाए दाम

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 27, 2018 03:35 pm IST,  Updated : Jul 27, 2018 05:23 pm IST

दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग ने जीएसटी की घटी दरों का लाभ ग्राहकों को देने के लिए अपने इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स उत्पादों की कीमतों में करीब आठ प्रतिशत की कमी की है।

electronic products- India TV Hindi
electronic products Image Source : ELECTRONIC PRODUCTS

नई दिल्‍ली। दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग ने जीएसटी की घटी दरों का लाभ ग्राहकों को देने के लिए अपने इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स उत्पादों की कीमतों में करीब आठ प्रतिशत की कमी की है। कंपनी ने आज यह बात कही। कंपनी ने बयान में कहा कि उत्पादों पर घटाई गई कीमत आज से प्रभावी हो रही है। कंपनी को उम्मीद है कि इस निर्णय से आगामी त्योहारी सीजन में उत्पादों की मांग बढ़ेगी। 

सैमसंग इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स) राजीव भूटानी ने कहा कि हम अपने सभी ग्राहकों को जीएसटी दर में कमी का पूर्ण लाभ (7.81 प्रतिशत से अधिक) देने को लेकर खुश हैं। कंपनी ने कहा कि वह सरकार के निर्णय का पूरी तरह से अनुपालन करने और उपभोक्तओं को लाभ देने के लिए तैयार है। 

पिछले हफ्ते जीएसटी परिषद ने वैक्यूम क्लीनर, वॉशिंग मशीन, 27 इंच से छोटे टीवी, फ्रिज, पेंट, हैंड ड्रायर्स समेत 15 वस्तुओं पर जीएसटी की दर को 28 से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। जीएसटी अधिसूचना के मुताबिक, नई दरें आज से लागू हो चुकी हैं। सैमसंग के अलावा एलजी, पैनासोनिक ने भी उपभोक्ताओं को जीएसटी की कम की गई दरों का लाभ देने के लिए कीमतों में 7 से 8 प्रतिशत की कमी की है। 

गोदरेज अप्लायंसेज ने 10 प्रतिशत तक कम की कीमतें 

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद बनाने वाली कंपनी गोदरेज अप्लायंसेज ने आज कहा कि उसने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कमी का फायदा उपभोक्ताओं को देने के लिए वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, माइक्रोवेव ओवन और चेस्ट फ्रीजर की कीमतें 10 प्रतिशत कम कर दी हैं।  

पहले ये उत्पाद 28 प्रतिशत कर श्रेणी में थे, जिन्हें अब 18 प्रतिशत की श्रेणी में कर दिया गया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि गोदरेज अप्लायंसेज जीएसटी में 10 प्रतिशत कमी का पूरा फायदा तत्काल प्रभाव से उपभोक्ताओं को देगा। इससे आगामी त्योहारी मौसम से पहले अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा